Satna News :जिले में सोमवार का दिन राजनीतिक हलचल से भरा रहा। एक ही समय पर भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस ने अलग-अलग मुद्दों को लेकर प्रदर्शन किया। भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने जयस्तंभ चौक स्थित कांग्रेस पार्टी कार्यालय के बाहर उसके नेताओं के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के पुतले की अर्थी सजा कर नारेबाजी करते हुए पुतला फूंका।

आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां को अपमानित करने वाली अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया, जो असहनीय है। भाजपा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर सीधा हमला बोलते हुए उनके खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया। प्रदर्शन में राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, सांसद गणेश सिंह, जिलाध्यक्ष भगवती प्रसाद पांडेय, पूर्व विधायक शंकरलाल तिवारी समेत महिला मोर्चा की कार्यकर्ता भी शामिल रही।
कांग्रेस विधायक भी पहुचे एसपी ऑफिस
इधर, कांग्रेस पार्टी भी पीछे नहीं रही। जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। यहां कांग्रेस ने प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी पर हुए हमले और प्रदेश की बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर जोरदार विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि भाजपा सरकार में आम जनता से लेकर विपक्षी नेताओं तक कोई सुरक्षित नहीं है। उन्होंने पुलिस प्रशासन पर आरोप लगाया कि सरकार के दबाव में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हो रही।
रणनीतिक रंग में रंग गया माहौल
जिलाध्यक्ष ने एडिशनल एसपी को ज्ञापन सौप कर विरोध जताया।दोनों दलों के प्रदर्शन से शहर का माहौल पूरी तरह राजनीतिक रंग में रंग गया। जहां भाजपा कांग्रेस नेताओं को गालीकांड का जिम्मेदार ठहराकर सड़क पर उतरी, वहीं कांग्रेस ने इसे मुद्दा भटकाने की रणनीति बताया और खुद पर हो रहे हमलों के खिलाफ मोर्चा खोला। एक ही दिन हुए इन प्रदर्शनों ने आने वाले दिनों में जिले की राजनीति को और गरमाने के संकेत दिए हैं।







