Katni News :एमपी में कटनी जिले के रीठी थाना क्षेत्र में गुरुवार को दशहरे के दिन खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब तालाब में डूबने से दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई है। दोनों बच्चे दशहरा मनाने के लिए अपने मामा के घर आए हुए थे। इस हृदय-विदारक घटना से दोनों गांवों में शोक की लहर दौड़ गई है।

दरअसल हादसा रीठी थाना क्षेत्र के भरतपुर गांव में हुआ। जानकारी के अनुसार, छोटा बरहटा गांव के रहने वाले सुशील पटेल के दो बेटे, वेदांत पटेल (10) और शिवांश पटेल (8), दशहरा पर्व के लिए अपने मामा के घर भरतपुर आए हुए थे।गुरुवार सुबह करीब 11 बजे, दोनों भाई गांव के कुछ अन्य बच्चों के साथ नहाने के लिए गांव के ही बाराती तालाब गए थे। नहाते-नहाते देवांश और शिवांश गहरे पानी की ओर चले गए और डूबने लगे। साथ नहा रहे दूसरे बच्चों ने जब उन्हें डूबते देखा, तो वे घबराकर गांव की ओर भागे और लोगों को सूचना दी।
परिवार में त्योहार पर पसरा मातम
खबर मिलते ही बच्चों के परिजन और ग्रामीण तालाब की ओर भागे और तुरंत पुलिस को सूचित किया। ग्रामीणों ने बिना देर किए तालाब में उतरकर दोनों भाइयों की तलाश शुरू कर दी। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को तालाब से बाहर निकाला गया।
दोनों भाइयों की हुई मौत
परिजन उन्हें फौरन रीठी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों भाइयों को मृत घोषित कर दिया। इस घटना की खबर जैसे ही उनके पैतृक गांव बरहटा और ननिहाल भरतपुर पहुंची, दोनों गांवों में दशहरे का उत्साह मातम में बदल गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।







