Rahul gandhi congress

  • “कांग्रेस नेताओं को ‘लंगड़ा घोड़ा’ बताकर राहुल ने किया अपमान: सांसद गणेश सिंह का पलटवार”

    Satna MP Ganesh Singh: संसद की अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) कल्याण समिति के अध्यक्ष और भाजपा से सतना सांसद गणेश सिंह ने लोकसभा से नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर बड़ा हमला बोलते हुए उनके हालिया बयान को कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं का सीधा अपमान बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी पार्टी को संभालने की बजाय अनमैच्योर और नकारात्मक सोच वाले बयानों से अपनी राजनीति चमकाने में लगे हैं।

    "कांग्रेस नेताओं को 'लंगड़ा घोड़ा' बताकर राहुल ने किया अपमान: सांसद गणेश सिंह का पलटवार"

     

    दरअसल, राहुल गांधी ने हाल ही में भोपाल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं को संबोधित करते हुए पार्टी नेताओं की तुलना तीन तरह के घोड़ों से की एक बारात वाला, एक रेस वाला और एक लंगड़ा घोड़ा। इसी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद गणेश सिंह ने कहा राहुल गांधी के इस बयान ने कांग्रेस के ही वरिष्ठ नेताओं को ‘लंगड़ा घोड़ा’ करार देकर उनका घोर अपमान किया है।

    कमलनाथ और दिग्विजय जैसे वरिष्ठ नेता है लंगड़ा घोड़ा!

    गणेश सिंह ने सवाल उठाया कि ,क्या मध्यप्रदेश में कमलनाथ, दिग्विजय सिंह जैसे वरिष्ठ नेता ‘लंगड़ा घोड़ा’ हैं? क्या कांग्रेस अब अपने अनुभवी नेताओं को इसी तरह दरकिनार करेगी?”

    खड़गे और सोनिया गांधी को दरकिनार करने का संकेत?

    सांसद गणेश सिंह ने दावा किया कि राहुल गांधी के बयान में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व को भी निशाना बनाया गया है। उन्होंने कहा इस बयान के जरिए राहुल गांधी ने मल्लिकार्जुन खड़गे और सोनिया गांधी को भी अप्रत्यक्ष रूप से दरकिनार करने का संकेत दे दिया है। अब कांग्रेस में केवल राहुल गांधी को ही ‘रेस का घोड़ा’ समझा जा रहा है, जबकि बाकी सभी को बेकार घोषित किया जा रहा है।

    कांग्रेस की हालत नदी के बाढ़ जैसे – सांसद

    कांग्रेस की हालत अब नदी में आई बाढ़ जैसी हो गई है, जिसमें किनारे की मिट्टी लगातार कटती जाती है। ठीक वैसे ही कांग्रेस के कार्यकर्ता घर बैठते जा रहे हैं। लेकिन राहुल गांधी को इसकी कोई चिंता नहीं है।

    राहुल गांधी जितना मोदी को अपशब्द कहेंगे कांग्रेस उतनी….

    बीजेपी सांसद ने आगे कहा की राहुल गांधी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जितना अपशब्द कहेंगे, कांग्रेस उतनी ही सिकुड़ती जाएगी। शायद राहुल गांधी नहीं जानते कि मोदी मतलब विषम परिस्थितियो को भी अनुकूल बना कर उसे अवसर में बदलने की क्षमता रखना है।

    क्या था राहुल गांधी का बयान!

    भोपाल में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कांग्रेस नेताओं की तीन कैटेगरी बताई थीं। उन्होंने कहा था कि कांग्रेस में तीन तरह के घोड़े होते हैं, रेस के, बारात के और लंगड़े घोड़े। इसके बाद उन्होंने कहा था कि रेस के घोड़ों को दौड़ाया जाएगा। बारात के घोड़ों को बारात में भेजा जाएगा और लंगड़े घोड़ों को थोड़ा चारा-पानी देकर रिटायर कर दिया जाएगा। राहुल गांधी का आशय पार्टी के कर्मठ और कामचोर नेताओं से था। हालांकि, अब उनके शब्दों के चयन को लेकर बवाल हो रहा है।

  • Bharat Nyay Yatra : 14 जनवरी से राहुल गांधी की ‘भारत न्याय यात्रा’, मणिपुर से आगाज

    Bharat Naya Yatra :भारत जोड़ो यात्रा के बाद अब राहुल गांधी मणिपुर से मुंबई तक भारत न्याय यात्रा की तैयारी में हैं। आगामी 14 जनवरी से कांग्रेस पार्टी की भारत न्याय यात्रा शुरू होगी। राहुल गांधी मणिपुर से मुंबई तक जाएंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक कांग्रेस के इस आयोजन में पार्टी आलाकमान के अलावा प्रदेश कांग्रेस के तमाम नेता भी शिरकत करेंगे।

    Image credit by social media

    कांग्रेस का व्यापक जनसंपर्क अभियान
    पार्टी के कार्यक्रम से जुड़ी रिपोर्ट्स के मुताबिक राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा (bharat jodo yatra) की तर्ज पर ही जनसंपर्क की नई कवायद कर रहे हैं। पूर्वोत्तर भारतीय प्रदेश मणिपुर से 14 जनवरी को शुरू होने वाली यात्रा 20 मार्च को खत्म होगी। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बताया कि यात्रा के दौरान युवाओं, महिलाओं और हाशिए पर मौजूद लोगों से बातचीत करने का प्रयास किया जाएगा।

    इन प्रदेशों को कवर करेगी भारत न्याय यात्रा
    उन्होंने कहा कि कई प्रदेशों से गुजरी इससे पहले भारत जोड़ो पदयात्रा के बाद राहुल गांधी (rahul gandhi) और कांग्रेस (congress) के पास बड़ा अनुभव है। वेणुगोपाल ने कहा कि भारत न्याय यात्रा 6,200 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। मणिपुर से शुरुआत के बाद कांग्रेस नेता नागालैंड, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश और गुजरात के कुछ हिस्सों में भी जाएंगे। सबसे अंत में भारत न्याय यात्रा महाराष्ट्र पहुंचेगी। मुंबई में 20 मार्च को यात्रा का समापन होगा।

    कांग्रेस वर्किंग कमेटी में भारत न्याय यात्रा पर चर्चा
    वेणुगोपाल के मुताबिक, बीते 21 दिसंबर को कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक हुई। इसमें सर्वसम्मति से 14 जनवरी से मणिपुर से मुंबई तक ‘भारत न्याय यात्रा’ आयोजित करने का फैसला लिया गया। समिति ने स्वीकार किया कि राहुल गांधी को पूर्व से पश्चिम तक जाने वाली इस यात्रा की शुरुआत मणिपुर से ही करनी चाहिए। राहुल गांधी भी समिति में बनी आम सहमति पर राजी हो गए।

    14 राज्यों और 85 जिलों से गुजरेगी यात्रा
    65 दिनों तक चलने वाली इस यात्रा के दौरान राहुल और अन्य कांग्रेस नेता 14 राज्यों और 85 जिलों से गुजरेंगे। भारत जोड़ो यात्रा के विपरीत, इस बार बस से 6,200 किलोमीटर का सफर तय किया जाएगा। कांग्रेस महासचिव वेणुगोपाल के मुताबिक बस यात्रा के दौरान आम लोगों को बड़ी संख्या में राहुल से मिलने का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि पूरे सफर के दौरान समय-समय पर थोड़ी दूरी तक पदयात्रा की योजना भी बनाई गई है।

    राहुल गांधी 150 दिनों की भारत जोड़ो यात्रा में 4500 किमी घूमे
    बता दें कि इससे पहले राहुल गांधी ने पिछले साल 6 सितंबर को कन्याकुमारी से भारत जोड़ो यात्रा शुरू की थी। 150 दिनों में 4500 किलोमीटर से अधिक की पदयात्रा के दौरान व्यापक जनसंपर्क अभियान हुआ था। सोशल मीडिया पर भी भारत जोड़ो यात्रा बेहद चर्चित रही थी। सफलता से उत्साहित कांग्रेस पार्टी के नेता राहुल से एक और यात्रा शुरू करने का अनुरोध कर रहे थे।

    पूर्वोत्तर से शुरुआत करने का संभावित मकसद?
    मणिपुर से यात्रा की शुरुआत को कांग्रेस का सियासी निशाना भी माना जा रहा है। बता दें कि इसी साल मई महीने में हिंसक घटनाओं और जातीय टकराव के कारण मणिपुर लगातार सुर्खियों में रहा था। संवेदनशील हालात को देखते हुए खुद गृह मंत्री अमित शाह को मणिपुर दौरा करना पड़ा था। कूकी और मैतेई समुदाय के टकराव और हिंसा के दौरान ‘महिलाओं की नग्न परेड’ जैसी शर्मसार करने वाली घटनाएं भी सामने आई थीं। इस मुद्दे पर संसद में भी हंगामा हुआ था।

    ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे सतना टाइम्स एप को डाऊनलोड कर सकते हैं। यूट्यूब पर

  • राहुल गांधी को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला युवक गिरफ्तार, विधायक का बयान भी आया सामने

    Indore News: इंदौर (Indore) में कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) को भारत जोड़ो यात्रा के दौरान बम से उड़ाने की धमकी भरा पत्र भेजा गया था। इस मामले में पुलिस जांच पड़ताल में जुटी हुई थी। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। इस युवक ने चिट्ठी में राहुल गांधी के साथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ को गोली मारने की धमकी भी दी थी।

    Photo by google

    20 नवंबर से कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा मध्यप्रदेश में शुरू होने वाली थी, लेकिन गुजरात में देर हो जाने की वजह से इसे 23 नवंबर से शुरू किया जाने वाला है। भारत जोड़ो यात्रा मध्यप्रदेश में शुरू होने से ठीक पहले एक चिट्ठी में यह धमकी दी गई थी कि अगर राहुल गांधी मध्यप्रदेश आएंगे तो उनकी यात्रा में धमाके किए जाएंगे। इसी के साथ सिख दंगों के जिम्मेदार कमलनाथ को भी गोली मारी जाएगी।

    जांच पड़ताल के बाद पुलिस को यह जानकारी मिली की चिट्ठी लिखने वाला व्यक्ति अन्नपूर्णा इलाके में रहता है और उसी ने मिठाई की दुकान पर यह पत्र भेजा था। जैसे ही दुकान संचालक को पत्र मिला तो उन्होंने इस पत्र को तुरंत पुलिस के हवाले कर दिया। इस पत्र के पीछे लिफाफे पर रतलाम विधायक चेतन कश्यप का नाम लिखा हुआ था।

    यह भी पढ़े – Satna News : सीएम राइज स्कूलों को आदर्श स्कूल बनायें – कमिश्नर

    युवक को हिरासत में लेने के बाद पुलिस ने उससे पूछताछ शुरू कर दी है, इसी के साथ लिखावट का मिलान भी किया जा रहा है। चिट्ठी में एक महिला और पुरुष का चित्र भी है और एक नंबर लिखा है जिस पर ज्ञान सिंह नाम लिखा हुआ है, अन्य दो नंबर भी चिट्ठी में लिखे हैं। इसके अलावा एक व्यक्ति के वोटर आईडी की फोटो कॉपी भी पत्र में मिली है। इन सभी नंबरों की जांच की जा रही है।

    सामने आया विधायक का बयान

    राहुल गांधी के नाम पर जो धमकी भरा पत्र भेजा गया था उसमें रतलाम विधायक चेतन कश्यप का नाम लिखा हुआ था। जैसे ही उन्हें इस बात की जानकारी लगी उन्होंने रतलाम पुलिस व राज्य सरकार से संपर्क किया। इस मामले में विधायक का कहना है कि मेरा इस पत्र से कोई लेना देना नहीं है, मैं फिलहाल मुंबई में हूं और पत्र के माध्यम से मुझे बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने हमले की उच्च स्तरीय जांच किए जाने और षड्यंत्रकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

Back to top button