Gaziyabad

  • मांग भराई की रस्म के समय चीख पड़ी दुल्हन, मंडप के नीचे दूल्हे का हाथ देख कर किया शादी से इनकार, जानें पूरा मामला

    यूपी के आगरा में शादी की सभी रस्मे पूरी होने के बाद दुल्हन ने दूल्हे के साथ जाने से इनकार कर दिया। दुल्हन का यह फैसला सुनकर दोनों पक्ष के लोग सकते में पड़ गए। किसी को पता नहीं था कि दुल्हन ने अचानक से ऐसा फैसला क्यों ले लिया। मामला शनिवार का है। जैतपुर कस्बे के एक मैरिज होम में एक शादी समारोह का आयोजन किया गया था। बारातियों का जोरदार स्वागत किया। लड़की वालों ने बारातियों की खूब आवभगत की। इसके बाद जयमाल का कार्यक्रम शुरू हुआ।

    शांति पूर्वक जयमाल निपटने के बाद दूल्हा और दुल्हन सात फेरे लेने के लिए मंडप के नीचे पहुंचे। यहां दुल्हन की मांग भराई की रस्म शुरू हुई। दूल्हा जैसे ही दुल्हन मांग भरने के लिए बढ़ा तो दुल्हन की चीख निकल पड़ी। दुल्हन ने दूल्हे के हाथ को देखकर भड़क गई। इसके बाद उसने शादी करने से इनकार कर दिया। मामला थाने से लेकर पंचायत तक पहुंचा लेकिन बात नहीं बन पाई। बारात को बैरंग लौटना पड़ा। 

    गाजियाबाद के भूपपुरा कुटी के युवक का रिश्ता जैतपुर की युवती से तय हुआ था। शनिवार की शाम जैतपुर में बारात आयी थी। शादी की रश्में हुई। जयमाला का कार्यक्रम भी धूमधाम से हुआ। बारात की खूब खातिरदारी हुई थी। रात में दूल्हा-दुल्हन ने फेरे भी ले लिए। विदाई से पहले दुल्हन की मांग भराई की रश्म हो रही थी। जैसे ही मांग भरने के लिए दूल्हे ने हाथ में सिंदूर लिया। दूल्हे की एक हाथ की कटी हुई तर्जनी उंगली पर दुल्हन की नजर पड़ गयी। उसने शादी से इनकार कर दिया।

    वर पक्ष की ओर से सफाई दी गई कि बिजली के करंट से दूल्हे की उंगली कट गई थी। वर और कन्या पक्ष के समझाने के बाद भी दुल्हन नहीं मानी तो दूल्हा पक्ष जैतपुर थाने पहुंच गया। सुलह के लिए दोनों पक्षों के बीच पंचायतों का दौर हुआ लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। दुल्हन ने किसी की नहीं मानी। आखिरकार वर पक्ष बारात बैरंग लेकर लौट गया। इस संबंध में एसओ जैतपुर मनोज शर्मा ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पंचायत हुई थी लेकिन दूल्हे की उंगली कटी होने की वजह से पंचायत में सुलह नहीं हो सकी और बारात वापस लौट गई।

  • सिर में हथौड़ा मारकर की दोस्त की हत्या, 4 दिन बाद मिला शव, टोना-टोटका के भ्रम में हत्या की आशंका

    गाजियाबाद जिले में साहिबाबाद के शालीमार गार्डन में एक व्यक्ति ने दोस्त को कमरे पर बुलाकर शराब पिलाई। इस दौरान किसी बात को लेकर हुए विवाद पर उसने दोस्त के सिर पर हथौड़े से वार कर हत्या कर दी। वह शव को लहूलुहान हालत में अपने कमरे पर ही छोड़कर भाग गया। परिजनों की शिकायत पर पुलिस की जब लापता युवक की खोजबीन की तो गुरुवार देर शाम उसका शव एक बंद कमरे से मिला। पुलिस द्वारा आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में टोना-टोटका के भ्रम में हत्या करने की बात सामने आ रही है। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

    अमित कुमार (35 वर्ष) पप्पू कॉलोनी में अपने परिवार संग रहता था। परिवार में दो छोटे बच्चे व पत्नी है। वह दिल्ली स्थित एक कारोबारी के घर पर काम कर करता था। परिजनों के मुताबिक, वह पांच मार्च की शाम को काम से घर नहीं लौटा। काफी खोजने पर भी अमित का कुछ भी पता नहीं चल सका। इसके बाद परिजनों ने दिल्ली पुलिस को अमित के गुमशुदगी की सूचना दी थी। गुरुवार शाम को साहिबाबाद पुलिस को शालीमार गार्डन स्थित घर के एक कमरे में एक शव मिलने की सूचना मिली। शव की शिनाख्त अमित कुमार के रूप में हुई। जांच में पता चला कि मृतक अमित का दोस्त महेंद्र कुमार है।

    पुलिस ने स्थानीय लोगों से पूछताछ की। लोगों ने बताया कि पांच मार्च की शाम को महेंद्र के साथ अमित कमरे पर आया था। उसके बाद से अमित को किसी ने नहीं देखा। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने पांच मार्च को शराब पी थी। इस दौरान महेंद्र ने अमित पर टोना-टोटका करने और भाई को मारवा देने का आरोप लगाया।इसी बात को लेकर विवाद होने पर महेंद्र ने अमित के सिर पर हथौड़ा मार दिया। फिर लहूलुहान अमित को कमरे में ही छोड़कर भाग गया। शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। आरोपी ने हत्या करने की बात स्वीकार की है। बताया जा रहा है कि महेंद्र के भाई की पूर्व में बीमारी से मौत हो गई थी। वहीं मृतक के भाई राकेश के मुताबिक अमित काफी मिलनसार था। महेंद्र की अमित से पुरानी दोस्ती थी। उन्होंने महेंद्र पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए साहिबाबाद थाना पुलिस से शिकायत की है। साहिबाबाद थाना प्रभारी नागेंद्र चौबे ने बताया कि मृतक के भाई की शिकायत पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। घर से मिले शव को पोस्टमार्टम कराने के लिए भेज दिया गया है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।  

Back to top button