Bhopal News : माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल के पत्रकारिता विभाग के विद्यार्थियों ने जनसंपर्क विभाग, मध्यप्रदेश के लिए एक विशेष विज्ञापन तैयार किया है। इस विज्ञापन में विभाग की गतिविधियों, सोशल मीडिया और वेबसाइट के महत्व को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया गया है, ताकि आम जनता अधिक से अधिक जागरूक हो सके।

इस विज्ञापन में विद्यार्थियों अमन श्रीवास्तव, आयुषी कुमारी, शिविका गुप्ता और श्रेया पांडेय ने अपनी-अपनी भूमिकाएँ निभाईं। वहीं कैमरा और निर्देशन की जिम्मेदारी सौरभ शर्मा ने संभाली और एडिटिंग का कार्य अनुराग राय ने किया।
यूनिवर्सिटी ने की विद्यार्थियों की सराहना
विद्यार्थियों का कहना है कि यह विज्ञापन केवल एक शैक्षणिक अभ्यास नहीं, बल्कि व्यावहारिक अनुभव का अवसर भी है। विज्ञापन निर्माण के दौरान उन्होंने सीखा कि कैसे संदेश को सरल और आकर्षक ढंग से जनता तक पहुँचाया जा सकता है।विश्वविद्यालय प्रशासन ने भी विद्यार्थियों की इस पहल की सराहना की। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के प्रयास न केवल विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करते हैं, बल्कि समाज को भी जागरूक करने में मददगार होते हैं।
जनसम्पर्क विभाग ने बताया सकारात्मक पहल
जनसंपर्क विभाग, मध्यप्रदेश की ओर से भी इस विज्ञापन को सकारात्मक पहल बताया गया। विभाग के अनुसार, डिजिटल माध्यमों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर जागरूकता फैलाना आज की जरूरत है और युवा पीढ़ी इस दिशा में अहम भूमिका निभा सकती है।
इस विज्ञापन के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि जनसंपर्क विभाग न केवल सरकारी योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुँचाता है, बल्कि जनता की समस्याओं और प्रतिक्रियाओं को भी सरकार तक पहुँचाने का एक सशक्त माध्यम है।







