MP : दर्जन भर गांवों में दलहनी एवं सब्जी फसलों पर पाला का प्रकोप

सिंगरौली ।।शीतलहर एवं कड़ाके की ठण्ड ने अपना असली रूप दिखा दिया है। एक ओर जहां कड़ाके की ठण्ड से अब तक आधा दर्जन से अधिक लोगों की जाने चली गयी हैं। वहीं अब दलहनी एवं सब्जी फसलों पर पाला ने कहर बरपाया है। करीब एक दर्जन से अधिक गांवों के दलहनी फसलों को भारी नुकसान होने का अनुमान जताया जा रहा है। क्षेत्रीय विधायक अमर सिंह ने शीघ्र प्रभावित गांवों का सर्वे कराने के लिए कलेक्टर एवं एसडीएम से फोन के माध्यम से अवगत कराया है।
गौरतलब हो कि जिले में इन दिनों कड़ाके की ठण्ड पड़ रही है। करीब 10 दिन से जिले का तापमान न्यूनतम 4 डिग्री तक पहुंच जा रहा था। हालांकि आज सोमवार को न्यूनतम तापमान दिनमान 9 डिग्री तक रहा है।

वहीं ग्रामीण अंचलों में अभी भी न्यूनतम तापमान 6 डिग्री के करीब है। गलन भरी ठण्ड ने अपना असली रूप भी दिखाना शुरू कर दिया। जानकारी के मुताबिक तहसील चितरंगी क्षेत्र के हरफरी, चोलार, धानी, पराई सहित कई गांवों के दलहनी फसलों अरहर व सब्जी फसल आलू में पाला लगने से भारी नुकसान होने का अनुमान जताया जा रहा है। हासिल जानकारी के मुताबिक चोलार, हरफरी गांव के नृपेन्द्र प्रताप सिंह, शिव नारायण सिंह, विनोद मिश्रा, रमेश, विवेक, शिव प्रताप सिंह, महेश मिश्रा सहित कई अन्नदाताओं के अरहर की फसलें पाला से प्रभावित हुई हैं।
यह भी पढ़े – नगर निगम में मेरी कोई सुनता ही नहीं है,मेयर ने मीडिया के समक्ष सुनाई अपनी विपदा,चर्चाओं का बाजार गर्म
पाला का प्रभाव कल रविवार को दिखा था और आज अन्नदाताओं के अरहर सहित अन्य दलहनी फसलें सूख गयीं हैं। वहीं खबर है कि इसका असर फुलकेश, गांगी के अरहर फसलों को भी नुकसान पहुंचा है। इधर अभी इसकी जानकारी मैदानी राजस्व अमले को दूर-दूर तक नहीं है। चर्चा है कि मैदानी राजस्व अमला ठण्ड के चलते सुस्त पड़ा हुआ है और राजस्व अमले की नजर भी इस ओर नहीं है।
इस संकट की घड़ी में प्रदेश सरकार अन्नदाताओं के साथ में है: अमर
इस संबंध में चितरंगी विधानसभा क्षेत्र के विधायक अमर सिंह ने बताया कि मोबाइल के माध्यम से मुझे भी जानकारी हासिल हुई है कि पाला से क्षेत्र के कई गांवों के दलहनी सहित अन्य फसलों को नुकसान पहुंचा है। प्रभावित अन्नदाताओं ने मुझे भी बताया है। चूंकि मैं आवश्यक कार्य से भोपाल जा रहा हंू। जैसे ही इसकी जानकारी मुझे लगी कलेक्टर, एसडीएम को अवगत कराते हुए तत्काल प्रभावित गांवों का सर्वे कराकर अन्नदाताओं को राहत राशि उपलब्ध कराने के लिए कहा है। संकट के इस घड़ी में प्रदेश सरकार अन्नदाताओं के साथ में है। पाला से प्रभावित एक-एक अन्नदाताओं के नुकसान फसलों का सर्वे कराया जायेगा।
अन्नदाताओं पर पड़ी दोहरी मार
अन्नदाताओं पर दोहरी मार पड़ी है। एक ओर जहां अल्प बारिश से खरीफ फसल धान सहित अन्य की बोनी कम हुई है। वहीं रही सही कसर पाला ने पूरी कर दिया है। कड़ाके की ठण्ड के समय ही एहसास हो रहा था कि इस साल पाला का कहर दलहनी सहित सब्जी फसलों पर पड़ेगा। बुजुर्ग अनुभवी अन्नदाताओं का अनुमान भी सही निकला है। अभी तक चितरंगी तहसील क्षेत्र के कई गांवों में पाला पडऩे से दलहनी फसलों को नुकसान होने की जानकारी हासिल हो रही है। यह भी अनुमान लगाया जा रहा है कि इस पाला से अन्य तहसील क्षेत्र में भी असर पड़ा है। एक-दो दिन के अंदर स्थिति स्पष्ट हो जायेगी।
इनका कहना है
अभी तक मुझे ऐसी कोई जानकारी नहीं है। आपके माध्यम से मिल रही है। मैदानी राजस्व अमले से प्रभावित गांवों का मुआयना कराया जायेगा। यदि पाला से फसले प्रभावित हुई हैं तो निश्चित ही प्रकरण तैयार कर प्रभावित किसानों को मुआवजा राशि विधि संगत मुहैया करायी जायेगी।
सम्पदा सर्राफ,एसडीएम, चितरंगी