मैहर (maihar)शहर के स्टेट बैंक चौराहे के पास मंगलवार शाम एक दो मंजिला इमारत में स्थित कपड़ों के गोदाम में भीषण आग लग गई। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास में जुट गईं। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार, घंटाघर चौराहे के समीप स्थित शिव गारमेंट्स के संचालक सुरेश अग्रवाल के दो मंजिला भवन की ऊपरी मंजिल पर कपड़ों का गोदाम बना हुआ था। मंगलवार शाम करीब 4 बजे अचानक गोदाम से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने की वजह इनवर्टर में शॉर्ट सर्किट होना बताई जा रही है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित कराया गया, ताकि आग अन्य दुकानों और भवनों तक न फैल सके।
गोदाम में बड़ी मात्रा में कपड़े रखे हुए थे, जिससे आग तेजी से फैल गई। दुकान संचालक सुरेश अग्रवाल ने इस हादसे में करीब 30 से 40 लाख रुपये के नुकसान की आशंका जताई है।
फिलहाल दमकल कर्मियों द्वारा आग पर पूरी तरह काबू पाने का प्रयास जारी है। प्रशासन आग लगने के कारणों और नुकसान का आकलन करने में जुटा हुआ है।






