Katni News :मध्यप्रदेश कटनी रेलवे स्टेशन पर रविवार तड़के उस वक्त हड़कंप मच गया है, जब एक युवक पहले प्लेटफॉर्म पर खड़ी ट्रेन की छत पर चढ़ा और फिर स्टेशन के टॉवर पर जा बैठा है। इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के चलते कई घंटों तक यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों की सांसें अटकी रहीं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घंटों की मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा है।

दरअसल यह घटना रविवार तड़के करीब 3:30 बजे कटनी मेन स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 की है। यहां खड़ी एक काशी एक्सप्रेस ट्रेन(15017) की छत पर अचानक एक युवक चढ़ गया। जब तक कोई कुछ समझ पाता, वह ट्रेन से उतरकर पास के ही एक टॉवर पर चढ़कर बैठ गया। उसे टॉवर पर बैठा देख वहां मौजूद यात्रियों और रेलवे स्टाफ में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने घंटों की मशक्कत के बाद उतारा
घटना की सूचना तत्काल कोतवाली थाना पुलिस और रेलवे पुलिस को दी गई। खबर मिलते ही डायल-112 की टीम के आरक्षक सतीश कुमार सिंह और पायलट संजय पटेल, रेलवे पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे है। पुलिस ने युवक को नीचे उतरने के लिए समझाने की बहुत कोशिश की, लेकिन वह मानने को तैयार नहीं था। कई घंटों की कड़ी मशक्कत और समझाइश के बाद आखिरकार पुलिस उसे सुरक्षित नीचे उतारने में सफल रही है।
पूछताछ में जुटी पुलिस
स्टेशन प्रबंधक संजय दुबे ने बताया कि युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के बाद रेलवे पुलिस थाने ले जाया गया है, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। उसने यह खतरनाक कदम क्यों उठाया, इस बात का खुलासा अभी नहीं हो पाया है। इस घटना ने देर रात स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर युवक कड़ी सुरक्षा के बावजूद ट्रेन और फिर टॉवर पर कैसे चढ़ गया।







