भोपाल, मध्यप्रदेश। राजधानी भोपाल में सार्वजनिक परिवहन के क्षेत्र में यात्रियों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। सिटी बसों की कम होती संख्या से परेशान भोपाल के लोगों के लिए अब 16 नई CNG सिटी बसों का संचालन शुरू हो गया है, जिससे दैनिक यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
दरअसल, डेढ़ साल पहले तक शहर में 368 सिटी बसें चलती थीं, लेकिन टैक्स, टिकट कलेक्शन और निगम से जुड़े विवादों के कारण बसों की संख्या लगातार कम होती जा रही थी। अब इस समस्या को दूर करने के लिए भोपाल सिटी लिंक लिमिटेड (BCLL) ने कदम उठाया है।
16 बसें शुरू, लो-फ्लोर बेड़े में इजाफा
भोपाल नगर निगम की कमिश्नर संस्कृति जैन की पहल पर BCLL ने बस ऑपरेटर कंपनी मेसर्स इंक्यूबेट सॉफ्टटेक के साथ समझौता किया। समझौते के तहत आरटीओ में बकाया टैक्स और परमिट से जुड़े मुद्दों का समाधान किया गया और बसों का संचालन फिर से शुरू किया गया।
- शुरुआत: सोमवार से भैंसाखेड़ी चिरायु से एम्स (TR-4 रूट) के बीच 16 नई CNG बसें शुरू की गई हैं।
- यात्री लाभ: पहले ही दिन इन बसों में सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक लगभग 4,500 यात्रियों ने सफर किया।
- बसों की संख्या: इन नई बसों के जुड़ने से शहर में लो-फ्लोर बसों की संख्या 60 से बढ़कर 76 हो गई है, जिसमें अब 25 CNG बसें शामिल हैं।
TR-4 रूट का विवरण
यह नया रूट (TR-4) एम्स से शुरू होकर बोर्ड ऑफिस, न्यू मार्केट, हमीदिया अस्पताल, लालघाटी, बैरागढ़ होते हुए भैंसाखेड़ी चिरायु अस्पताल तक जाता है।
जल्द ही दूसरा रूट भी होगा शुरू
BCLL की योजना अगले 10 दिनों के भीतर एक और महत्वपूर्ण रूट पर बसें शुरू करने की है:
- अगला लक्ष्य: रूट नंबर 413 यानि कोकता से रातीबढ़।
- कवरेज: इस रूट से कोकता, पिपलानी, प्रभात चौराहा, बोर्ड ऑफिस, बिट्टन मार्केट, नेहरू नगर, भदभदा, सूरज नगर, नीलबढ़ और रातीबढ़ तक यात्रियों को बस सुविधा मिलनी शुरू हो जाएगी।
दिसंबर तक 77 बसें चलाने की तैयारी
भोपाल नगर निगम का लक्ष्य है कि दिसंबर से पहले तक सभी 77 बसें शुरू हो जाएं। अगर यह लक्ष्य पूरा होता है, तो शहर में कुल बसों की संख्या 137 तक पहुँच जाएगी। भविष्य में भोपाल की सड़कों पर डीजल बसों को पूरी तरह से हटाकर, केवल इलेक्ट्रॉनिक्स और CNG बसें चलाने की तैयारी है।








