सतना। प्रबंधन अध्ययन संकाय, एकेएस विश्वविद्यालय, सतना द्वारा इंजीनियरिंग, प्रबंधन एवं सामाजिक विज्ञान विषयों पर आधारित तृतीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन 12 दिसंबर 2025 को पूर्णतः आभासी माध्यम से अत्यंत सफलतापूर्वक किया गया। इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन ज़ेप रिसर्च के सहयोग से संपन्न हुआ, जिसमें देश-विदेश के विद्वानों की उल्लेखनीय सहभागिता रही।

सम्मेलन के मुख्य वक्ता एवं संयोजक के रूप में डॉ. कौसिक मुखर्जी, अधिष्ठाता, प्रबंधन अध्ययन संकाय, एकेएस विश्वविद्यालय उपस्थित रहे। अपने मुख्य संबोधन में उन्होंने इंजीनियरिंग, प्रबंधन एवं सामाजिक विज्ञान के क्षेत्र में उभरते विषयों, वर्तमान चुनौतियों तथा शोध की नवीन दिशाओं पर सारगर्भित विचार रखे।सम्मेलन के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन में आयोजन समिति के सदस्यों—डॉ. प्रदीप चौरसिया, डॉ. प्रकाश कुमार सेन, डॉ. सीमा द्विवेदी एवं श्रीमती शिनु शुक्ला—का सराहनीय योगदान रहा। वहीं समीक्षक दल में डॉ. चंदन सिंह, डॉ. अनुराग सिंह परिहार, श्री प्रमोद द्विवेदी एवं श्री कृष्णा मिश्रा ने शोध पत्रों की गहन समीक्षा कर सम्मेलन को अकादमिक दृष्टि से सुदृढ़ बनाया।
इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन ने शोधार्थियों, विद्यार्थियों, शिक्षाविदों एवं उद्योग जगत से जुड़े विशेषज्ञों को एक प्रभावशाली मंच प्रदान किया। सम्मेलन में फिलीपींस, इंडोनेशिया, थाईलैंड, भारत, अमेरिका, जर्मनी, श्रीलंका एवं ऑस्ट्रेलिया सहित अनेक देशों के विद्वानों ने सहभागिता कर अपने शोध निष्कर्षों एवं अनुभवों का आदान-प्रदान किया, जिससे इसकी वैश्विक पहचान और प्रभाव स्पष्ट रूप से सामने आया।सम्मेलन में पचास से अधिक प्रतिभागियों—शोध पत्र प्रस्तुतकर्ता, वक्ता, श्रोता एवं विद्यार्थी—ने सहभागिता दर्ज कराई। इस अवसर के लिए प्राप्त लगभग साठ शोध पत्रों में से कठोर समीक्षा प्रक्रिया के उपरांत इक्कीस उच्च गुणवत्ता वाले शोध पत्रों का चयन कर उनका प्रस्तुतिकरण कराया गया।
तृतीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का सफल आयोजन एकेएस विश्वविद्यालय के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि सिद्ध हुआ। चालू शैक्षणिक सत्र में आयोजित यह दूसरा अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन विश्वविद्यालय की शोधपरक सोच, अंतरराष्ट्रीय सहयोग एवं शैक्षणिक उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्धता का सशक्त प्रमाण बना। सम्मेलन का समापन उत्साहपूर्ण और सकारात्मक वातावरण में हुआ।







