सागर (मध्यप्रदेश): सागर जिले में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। RSS के सागर विभाग कार्यवाह और शासकीय शिक्षक अशोक दुबे अपनी पत्नी राधा दुबे के साथ बाइक से गांव लौट रहे थे, तभी एक बेकाबू डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

नेशनल हाईवे-44 पर हुआ दर्दनाक हादसा
यह हादसा सुरखी थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे-44 पर हुआ। बताया जा रहा है कि दंपति सागर से अपने गांव नाहरमऊ लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक ओवरब्रिज के नीचे पहुंची, सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि पति-पत्नी बाइक से उछलकर सड़क पर गिरे और डंपर दोनों के ऊपर से गुजर गया। दोनों के शव क्षत-विक्षत हो गए।
करवा चौथ मनाकर लौट रहे थे घर
जानकारी के अनुसार, अशोक दुबे और उनकी पत्नी राधा दुबे एक दिन पहले करवा चौथ का त्योहार मनाने सागर आए थे, जहाँ उनके बच्चे पढ़ाई करते हैं। त्योहार मनाने के बाद वे शनिवार को गांव लौट रहे थे कि रास्ते में यह दिल दहला देने वाला हादसा हो गया।
शवों की हालत देखकर दहल उठे लोग
हादसे के बाद हाईवे पर दर्दनाक दृश्य देखकर राहगीरों के रौंगटे खड़े हो गए। पत्नी राधा दुबे के शरीर का हाल इतना बुरा था कि सिर और पैर धड़ से अलग हो गए। पुलिस ने स्थिति को देखते हुए शवों को पोटली में रखकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
आरोपी चालक फरार, तलाश जारी
हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर वाहन और चालक की तलाश शुरू कर दी है। वहीं, घटना के बाद RSS कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में आक्रोश है।
प्रशासन ने जताया दुख
प्रशासनिक अधिकारियों ने इस दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है और हाईवे पर भारी वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण के निर्देश जारी किए हैं।







