SATNA TIMES:नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में सांसद ट्रॉफी-2022 का हुआ समापन,मैच में पहुंचे खली ,उमड़ा जनसैलाव

सतना ।।केन्द्रीय खाद्य प्र-संस्करण, उद्योग एवं जल शक्ति विभाग राज्यमंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि खेल सकारात्मक ऊर्जा की

गतिविधियां होते हैं। खेल मैदान में ही पीढ़ियां संयम, अनुशासन, संस्कार और निर्णय को फैसले के रुप में मानने की विधा सीखती है। केंद्रीय राज्यमंत्री श्री पटेल शुक्रवार को सतना के बाबूपुर में नरेंद्र दामोदरदास मोदी स्टेडियम में आयोजित सांसद ट्रॉफी-2022 के समापन अवसर पर संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर कार्यक्रम में प्रसिद्ध अंतर्राष्ट्रीय वर्ल्ड कुश्ती चैंपियन दलीप सिंह राणा ‘‘द ग्रेट खली’’ विशेष रूप से उपस्थित थे।केंद्रीय राज्यमंत्री श्री पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने सभी सांसदों से कहा था कि हमें सामाजिक सरोकार के कार्यों में अगुवाई करनी चाहिए। नई पीढ़ी को संस्कार देना भी हम सबकी जिम्मेदारी है। सतना सांसद गणेश सिंह ने अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी की उपस्थिति में खेल कुंभ का एक सफल आयोजन किया है। उन्होंने कहा कि खेल के मैदान में संयम पहली कसौटी होती है। जीवन में अनुशासन, संस्कार, निर्णय को फैसला मानकर स्वीकार करने का जज्बा, हार कर जीतने की कोशिश और सकारात्मक ऊर्जा का सदुपयोग खेलों से ही होता है। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी संस्कारित हो, नशे और व्यसन से दूर रहे। इसके लिये उन्हें खेल के मैदान और खेलों से जोड़ना हम सबकी जिम्मेदारी है। खेलों में सबकी भागीदारी और सहयोग होना ही चाहिए।
    विश्व कुश्ती चैंपियन द ग्रेट खली ने कहा कि जालंधर से सतना आकर बहुत अच्छा लगा। सतना के लोगों का प्यार और खेलों से लगाव देखकर अभिभूत हूं। उन्होंने सांसद ट्राफी के सफल आयोजन के लिए सतना सांसद गणेश सिंह की सराहना करते हुए कहा कि जो व्यक्ति खेलों से प्यार करता है, वही खेलो को उत्सव का माहौल दे सकता है। सतना में जो खेल का माहौल दिखा, वह अन्य कहीं नहीं दिखता। सांसद सतना ने खेलों के प्रति जो माहौल बनाकर खेल को प्रोत्साहन और सपोर्ट किया, वह प्रशंसनीय है। द ग्रेट खली ने कहा कि विश्व में कहीं भी रहूंगा लेकिन सतना का खेलो और खिलाड़ियों के प्रति जोश और प्यार को हमेशा याद रखूंगा।
     सांसद गणेश सिंह ने अपने स्वागत भाषण में बताया कि सांसद ट्रॉफी के पांच खेलों का आयोजन 2013 से किया जा रहा है। खेलो इंडिया खेलो की थीम पर सांसद ट्रॉफी 2022 के आयोजन में पांच खेलों के लिए 700 टीमों ने ऑनलाइन पंजीयन कराया। खेलों में जिले के साढ़े 7 हजार खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया है। उन्होंने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए जिलेवासियों का सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। सांसद ट्रॉफी 2022 में क्रिकेट, वालीबाल, फुटबॉल, कबड्डी, खो-खो के विजेता, उपविजेता खिलाड़ियों को ट्राफी एवं पुरस्कार प्रदान किए गए। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष सुधा सिंह, जनपद अध्यक्ष संतोष सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष योगेश ताम्रकार, आईजी रीवा संभाग केपी व्यंकटेश्वर राव, डीआईजी मिथिलेश शुक्ला, पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, सीईओ जिला पंचायत डॉ परीक्षित राव, अपर कलेक्टर राजेश शाही, सिटी एसडीएम सुरेश जादव सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी जनता एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here