Pratima Bagri Minister :इंदौर में दूषित पानी पीने से हुई मौतों के मामले ने मध्य प्रदेश की सियासत को गरमा दिया है। एक तरफ विपक्ष हमलावर है, तो दूसरी तरफ सरकार के जिम्मेदार मंत्री सवालों का सामना करने से बचते नजर आ रहे हैं।ताजा मामला मध्यप्रदेश के कटनी जिले का है, जहां प्रदेश की नगरीय प्रशासन राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी मीडिया के तीखे सवालों से असहज हो गईं। जब उनसे इंदौर त्रासदी और राहुल गांधी के ट्वीट पर सवाल पूछा गया, तो वे जवाब देने के बजाय विषय बदलकर कार्यक्रम से निकल गईं।

घटना कटनी जिले के द्वारका भवन की है, जहां मंत्री प्रतिमा बागरी राज्य शिक्षक सम्मान समारोह में शामिल होने पहुंची थीं।कार्यक्रम के बाद मीडिया ने उनसे इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों और उस पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा किए गए सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर सवाल किया। सवाल सुनते ही मंत्री ने चुप्पी साध ली। उन्होंने इंदौर मामले पर एक शब्द भी नहीं बोला और इसके बजाय लगातार एक मिनट तक ‘शिक्षा संघ’ और ‘शिक्षक सम्मान’ पर ही बोलती रहीं। पत्रकारों ने जब दोबारा सवाल दोहराया, तो उन्होंने औपचारिक ‘धन्यवाद’ कहा और बिना जवाब दिए माइक झटककर तेजी से मंच छोड़कर अपनी गाड़ी की तरफ बढ़ गईं।
कांग्रेस ने बोला हमला
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही कांग्रेस ने सरकार पर तीखा हमला बोला है। इंडियन नेशनल कांग्रेस ने सोशल मीडिया एक्स पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा “ये हैं प्रतिमा बागरी- मध्य प्रदेश की BJP सरकार में नगरीय विकास मंत्री हैं। इंदौर में गंदे पानी से हुई मौतों पर सवाल सुनते ही मंत्री साहिबा माइक झटककर चुपचाप निकल गईं। लोग मर रहे हैं, परिवार बिलख रहे हैं, लेकिन इन मौतों के जिम्मेदार सवालों से पीछा छुड़ाने में लगे हैं।”
सांसद ने कहा “सरकार गंभीर है”
मंत्री के रवैये से बिगड़ी स्थिति को संभालने के लिए कार्यक्रम में मौजूद सांसद दर्शन सिंह चौधरी आगे आए।उन्होंने मीडिया से कहा कि सरकार इंदौर मामले को लेकर बेहद गंभीर है। कई अधिकारियों पर कार्रवाई की जा चुकी है और आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे। सांसद ने कहा कि यह मुद्दा सिर्फ इंदौर तक सीमित नहीं है, जहां भी लापरवाही होगी, वहां कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।







