उज्जैन (मध्य प्रदेश): महाकाल की नगरी उज्जैन से एक बेहद विचलित कर देने वाली तस्वीर सामने आई है। यहाँ के महिदपुर क्षेत्र में मामूली विवाद के बाद एक युवक पर ऐसा जानलेवा हमला हुआ कि चाकू उसके कंधे की हड्डी में करीब दो इंच तक धंस गया। युवक उसी हालत में दर्द से कराहते हुए अस्पताल पहुंचा, जिसे देख वहां मौजूद डॉक्टर और मरीज दहल गए।
![]()
बाइक टकराने के विवाद में खूनी खेल
घटना मंगलवार रात महिदपुर तहसील के दर्जी बाखल क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, जिशान खान अपने दोस्त अरशान के साथ किराने का सामान लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में सामने से आ रही एक बाइक जिशान से टकरा गई। जब जिशान ने बाइक सवारों को टोकते हुए सावधानी से गाड़ी चलाने की सलाह दी, तो वे आगबबूला हो गए।
तीन युवकों ने किया जानलेवा हमला
विवाद इतना बढ़ा कि बाइक सवार तीनों युवकों ने जिशान के साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच एक आरोपी ने जिशान के कंधे पर पूरी ताकत से चाकू घोंप दिया। वार इतना जोरदार था कि चाकू कंधे के भीतर ही फंस गया। वारदात को अंजाम देकर तीनों हमलावर मौके से फरार हो गए।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
इस पूरी घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हमलावर युवक पर वार करते साफ नजर आ रहे हैं। लहूलुहान जिशान जब कंधे में खंजर धंसे हुए हालत में स्थानीय अस्पताल पहुंचा, तो वहां हड़कंप मच गया। डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार दिया और तुरंत उज्जैन जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
पुलिस की कार्रवाई
अरशान खान की शिकायत पर पुलिस ने तीन अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। राहत की बात यह है कि ऑपरेशन के बाद चाकू निकाल लिया गया है और घायल युवक की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।








