सतना (मध्य प्रदेश): सतना के बीटीआई ग्राउंड में शनिवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की जनसभा में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक सुरक्षा घेरा तोड़कर हंगामा करने लगा। पुलिस ने जब युवक को हिरासत में लेकर उसकी पहचान की, तो वह वही आरोपी निकला जिसने हाल ही में भगवान श्रीराम और माता सीता के खिलाफ अभद्र भाषा का वीडियो वायरल किया था।
![]()
मुख्यमंत्री की सभा में ‘युवा कार्ड’ खेलकर हंगामा
घटना शनिवार दोपहर की है, जब मुख्यमंत्री विन्ध्य व्यापार मेले के मंच से जनता को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान भीड़ में मौजूद अरुणेश कुशवाहा (निवासी उमरिहा, जसो) ने अचानक जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया। युवक चिल्ला रहा था— “सर मैं युवा हूँ, मेरे साथ अन्याय हो रहा है।” सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों ने बिना देर किए उसे दबोच लिया और कोलगवां थाने ले गए।
वायरल वीडियो का सच: हाथ में चाकू और जुबान पर अपशब्द
कोलगवां पुलिस की पूछताछ में अरुणेश की काली करतूत सामने आई। पुलिस के अनुसार:
-
आरोपी अरुणेश का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वह हाथ में चाकू लहराते हुए भगवान राम और माता सीता के लिए बेहद गंदी और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल कर रहा था।
-
इस वीडियो के कारण शनिवार को ही जसो क्षेत्र में तनाव फैल गया था और सैकड़ों लोगों ने थाने का घेराव कर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की थी।
गंजा होकर पहुंचा था सभा में, अब सलाखों के पीछे
हैरानी की बात यह है कि आरोपी अपनी पहचान छिपाने या किसी खास मकसद से गंजा होकर मुख्यमंत्री की सभा में पहुँचा था। कोलगवां पुलिस से सूचना मिलते ही जसो थाना पुलिस सतना पहुँची और आरोपी को अपनी कस्टडी में ले लिया।
-
दर्ज मामले: जसो पुलिस ने अरुणेश के खिलाफ बीएनएस (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत धार्मिक भावनाएं भड़काने और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का मामला दर्ज किया है।
-
वर्तमान स्थिति: पुलिस आरोपी को जसो ले गई है, जहाँ उससे वीडियो बनाने के उद्देश्य और किसी बड़ी साजिश की संभावना को लेकर पूछताछ की जा रही है।








