Khandwa News :मध्य प्रदेश के खंडवा में बीते दिनों महिलाओं की कब्रों से छेड़छाड़ का सनसनीखेज मामला सामने आया था, जिसमें पुलिस ने कल ही बड़ा खुलासा करते हुए आरोपी को धर दबोचा था। गुरुवार शाम जब शहर की कोतवाली थाना पुलिस आरोपी अय्यूब पिता इस्माईल को लेकर मौका मुआयना करने पहुंची, तो बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग बड़ा कब्रस्तान पहुंच गए।

लोगों ने बवाल मचाते हुए पुलिस से आरोपी को उनके हवाले करने की मांग भी की। आक्रोशित लोगों की मांग थी कि उनके परिजनों की कब्रों के साथ आरोपी ने गलत किया है, इसलिए वे खुद उसे सजा देंगे। भीड़ ने फांसी की मांग भी की।
हालांकि जब पुलिस किसी तरह आरोपी को भीड़ से बचाकर साथ ले जाने लगी तो लोगों ने पुलिस को घेरकर नारेबाजी शुरू कर दी। लोग आरोपी को फांसी दिए जाने की मांग कर रहे थे। बता दें कि आरोपी अय्यूब ने तीन अलग अलग समय कब्रस्तान में महिलाओं की ताजी कब्रों में नग्न अवस्था में उतरकर शव से छेड़छाड़ कर तंत्र क्रिया को अंजाम दिया था। वहीं परिजनों ने इस मामले में पुलिस कार्रवाई की भी सराहना करते हुए खंडवा पुलिस का धन्यवाद किया है।
बता दें कि बुधवार को ही पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए अधेड़ उम्र के आरोपी अय्यूब को गिरफ्तार किया था, जो पहले तो ताजी और खासकर महिलाओं की कब्रों को तलाश करता। फिर लाश के बालों पर तंत्र क्रिया कर खुद के पावर को बढ़ाना चाहता था। आरोपी पुराना शातिर बदमाश निकला था। उसके ऊपर पूर्व में ही 11 मामले दर्ज पाए गए हैं। इनमे से दो हत्या के मामले भी हैं।
आरोपी ने अपनी पूर्व दो पत्नियों की हत्या की थी, जिसके चलते वह आजीवन कारावास की सजा काटते हुए 15 साल से जेल में बन्द था। उसी दौरान किसी तांत्रिक की बताई तंत्र क्रिया करने की खातिर वह इस तरह की घिनौनी हरकत को अंजाम दे रहा था। वहीं आरोपी के पुराने अपराधों को देखते हुए पुलिस ने उस पर रासुका जैसी गम्भीर कार्रवाई भी की है।







