धार/खरगोन। नवरात्रि के उल्लास के बीच मध्यप्रदेश से दो चौंकाने वाली घटनाएं सामने आई हैं। लगातार दो दिनों में गरबा खेलते समय दो महिलाओं की अचानक मौत हो गई। इन घटनाओं ने न केवल परिजनों बल्कि पूरे समाज को स्तब्ध कर दिया है।

धार में 27 वर्षीय महिला की मौत
सोमवार रात धार जिले के धामनोद नगर में 27 वर्षीय जयश्री पति आकाश पाटीदार गरबा कर रही थीं। थकान महसूस होने पर वे कुर्सी पर बैठीं, तभी अचानक गिर पड़ीं। लोगों ने उन्हें संभालने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। जयश्री की मौत से परिवार और इलाके में गहरा शोक फैल गया।
खरगोन में नवविवाहिता की जान गई
इससे एक दिन पहले रविवार को खरगोन जिले में भी ऐसी ही घटना हुई। 23 वर्षीय नवविवाहिता सोनम पति कृष्णपाल यादव अपने पति के साथ गरबा कर रही थीं। इसी दौरान अचानक वे जमीन पर गिर गईं। डॉक्टरों के मुताबिक उन्हें साइलेंट हार्ट अटैक आया था। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
लोगों में दहशत और हैरानी
दोनों ही जिलों में हुई ऐसी घटनाओं ने लोगों को चौंका दिया है। नवरात्रि का उत्सव जहां माता की भक्ति और गरबे की धुनों से गूंज रहा था, वहीं अचानक हुई इन मौतों ने पूरे माहौल को मातम में बदल दिया।








