मध्य प्रदेश विधानसभा में 7 दिसंबर को अनोखा नजारा दिखाई दिया. रतलाम के सैलाना से विधायक कमलेश्वर डोडियार बाइक से विधानसभा पहुंचे. मजेदार बात ये है कि वे रतलाम से करीब 300 किमी बाइक चलाकर ही भोपाल पहुंचे. उन्होंने यहां कहा कि हमें अब समाज के उत्थान के लिए काम करना है. आदिवासियों को आगे लाने का काम करूंगा. रतलाम के सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार बेहद गरीब परिवार से आते हैं.
उनके पास फोर व्हीलर नहीं है. कमलेश्वर सैलाना विधानसभा से पहली बार जीते हैं. उनका परिवार आज भी मजदूरी कर अपना पेट पाल रहा है. कमलेश्वर खुद झोपड़ी में रहते हैं. उन्होंने आसपास के प्रदेशों में मजदूरी कर जीवन यापन किया है.
कमाल की बात ये है कि वे दिल्ली से लॉ ग्रेजुएट भी हैं. इस दौरान उन्होंने दिल्ली में टिफिन बांटकर अपना खर्चा चलाया. मध्य प्रदेश की विधानसभा में कमलेश्वर पहले ऐसे नेता हैं जो भारतीय आदिवासी पार्टी से जीतकर पहुंचे हैं. बता दें, कमलेश्वर 4618 वोटो से विधानसभा चुनाव जीते हैं. उन्हें 71219 वोट मिले. जबकि, कांग्रेस के हर्ष विजय गहलोत को 66601 वोट मिले. इस विधानसभा में तीसरे स्थान पर भाजपा की संगीता चारेल रहीं.
मध्य प्रदेश की यह वही सैलाना विधानसभा है जहां सबसे ज्यादा 90 फीसदी से ज्यादा वोटिंग हुई. यह अपने आप में एक रिकॉर्ड है. कमलेश्वर अपने क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं के लिए हमेशा लड़ते रहे हैं. इस बार भी वे आदिवासियों की हक की लड़ाई को विधानसभा तक ले जाने कि बात कह रहे हैं.
इतनी गरीबी में बीता जीवन
कमलेश्वर बेहद गरीब परिवार से आते हैं. आज भी एक झोपड़ी में रहते हैं. कमलेश्वर अपने 9 भाई-बहन में सबसे छोटे हैं. उनके परिवार ने मेहनत मजदूरी कर गुजर बसर किया. आज भी उनका पूरा परिवार मेहनत मजदूरी कर अपना पेट पाल रहा है. कमलेश्वर की पढ़ाई के लिए कभी समाज ने आर्थिक मदद की तो कभी उन्होंने खुद दूसरे प्रदेशों में जाकर मजदूरी करके रुपए जुटाए हैं. इतना ही नहीं अपनी कमलेश्वर दिल्ली युनिवर्सिटी से लॉ ग्रेजुएट हैं. अपनी पढ़ाई के दौरान उन्होंने खर्चा निकालने के लिए दिल्ली में टिफिन सेंटर में नौकरी कर टिफिन तक बांटे. कमलेश्वर का यह तीसरा चुनाव है. वे 2013 में विधानसभा, 2019 में लोकसभा का चुनाव भी लड़ चुके हैं. सफलता उन्हें 2023 में मिली है.
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे सतनाटाइम्स एपको डाऊनलोड कर सकते हैं। यूट्यूब पर सतना टाइम्सके नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।
Madhyapradesh Assembly Election 2023 :विधान सभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशियों को मिली करारी शिकस्त के बाद कार्यकर्ता काफी निराश एवं हतास नजर आ रहे हैं। वहीं इस चुनाव में विभीषण की भूमिका निभाने वाले भीतरघातियों की सूची भोपाल पहुंच गयी है। उधर कांग्रेस पार्टी के साथ-साथ भाजपा भीतरघात की शिकार हुई हैं। नहीं तो भाजपा के प्रत्याशी और प्रचण्ड मतों से जीतते। सबसे ज्यादा भाजपा में भीतरघात सिंगरौली एवं देवसर विधान सभा क्षेत्र में हुआ है।
Image credit by social media
विधान सभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी को जिले के तीनों विधान सभा क्षेत्र के देवसर, चितरंगी एवं सिंगरौली में करारी हार का सामना करना पड़ा है। विधान सभा चुनाव में भाजपा के तीनों विधान सभा के प्रत्याशियों ने अप्रत्याशित मतों से जीत हासिल कर सबको चौका दिया है। इस चुनावी नतीजे के बाद कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता जहॉ सदमें हैं वहीं पार्टी में ही भीतरघातियों को लगातार निशाने पर ले रहे है।
सूत्र बता रहे हैं कि तीनों विधान सभा के तीनों विधान सभा के भीतरघातियों की लम्बी चौड़ी सूची प्रदेश मुख्यालय भोपाल में कमलनाथ के नेतृत्व में आयोजित समीक्षा बैठक में सौंप दिया है। सबसे ज्यादा भीतरघात सिंगरौली-देवसर में हुआ है। हालांकि चितरंगी में भी कम नहीं है। कांग्रेस पार्टी के कुछ दावेदार भीतरघात किया है ऐसी खबरें अन्दर के तहखाने से छनकर बाहर आ रही है। भीतरघातियों की सूची भोपाल में पार्टी हाई कमान के पास पहुंचने की खबर से कांग्रेस पार्टी के भीतरघातियों की चिंता बढ़ गयी है।
सिंगरौली, देवसर एवं चितरंगी विधान सभा के प्रत्याशी भारी मतों से विजयी हुये हैं। देवसर-सिंगरौली विधान सभा में कई भाजपा के तथाकथित नेता विभीषण की भूमिका निभाते रहे। सूत्र बता रहे हैं कि सिंगरौली में बसपा प्रत्याशी के पक्ष में काम कर रहे थे वहीं देवसर में कांग्रेस प्रत्याशी को जी दिलाने के लिये पर्दे के पीछे कार्य कर रहे थे।
Image credit by social media
चर्चा यहॉ तक कि भाजपा के एक ने देवसर क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी पर बड़ा दिल दिखाते हुये अपने वर्ग के मतदाताओं को बरगलाने में लगा हुआ था। इसका कितना असर हुआ। यह तो चुनाव परिणाम ही बता रहा है। लेकिन सिंगरौली -देवसर में इन दिनों भाजपा के कार्यकर्ताओं एवं आम मतदाताओं में भी भीतरघात करने वाले कथित नेताओं का नाम जोरशोर से लिया जा रहा है। ऐसे भीतरघाती नेताओं को साइड कर कार्यवाही किये जाने की मांग भी शुरू हो गयी है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे सतनाटाइम्स एपको डाऊनलोड कर सकते हैं। यूट्यूब पर सतना टाइम्सके नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।
Satna Election Result 2023 :भाजपा के दो दिग्गज नेता चुनाव हार गये हैं। सतना विस से चुनाव लड़ रहे सांसद गणेश सिंह को कांग्रेस के सिद्धार्थ कुशवाहा ने जहां शिकस्त दी, वहीं अमरपाटन सीट से राज्यमंत्री रामखेलावन पटेल भी चुनाव हार गये हैं। विधानसभा निर्वाचन – 2023 के परिणाम एक बार फिर भाजपा के पक्ष में आये हैं और सतना तथा मैहर जिले की सात विधानसभा सीटों में भाजपा को पांच तथा कांग्रेस को दो सीटों में विजय मिली है।
Image credit by satna times
रैगांव विस क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी श्रीमती प्रतिमा बागरी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस की श्रीमती कल्पना वर्मा को जहां रिकार्ड मतों से परास्त किया है। वहीं जिले की सबसे ज्यादा चर्चित सतना विधानसभा सीट से भाजपा के प्रत्याशी गणेश सिंह चुनाव हार गये हैं। भाजपा को रैगांव, नागौद, मैहर, रामपुर बाघेलान और चित्रकूट विधानसभा क्षेत्र से जीत मिली हैं। जबकि कांग्रेस को सतना और अमरपाटन में सफलता हासिल हुई है।
देखा जाये तो कांग्रेस पिछले विस चुनाव में तीन सीटें जीतकर आई थी, लेकिन इस बार उसकी एक सीट और कम हो गयी। कांग्रेस की रैगांव सीट इस बार भाजपा ने छीन ली है लेकिन उसके खाते में अमरपाटन की सीट जुड़ गयी है। चित्रकूट से भी भाजपा ने बाजी मारी और कांग्रेस की विजयी सीट छीन ली है।
सतना! रैगांव (SC) चुनाव रिजल्ट 2023: बीजेपी की प्रतिमा बागरी विजयी,36060 वोटो के अंतर से जीत दर्ज की। जीत के बाद मीडिया के साथ रैगांव विधायक प्रतिमा बागरी।@PratimaBagri@BJP4MPpic.twitter.com/bneSh1bdJz
सतना से अलग हुए मैहर जिले में एक मे कांग्रेस और एक मे भाजपा की जीत
सतना से अलग हुये मैहर जिले की दो विधानसभा सीटें भाजपा और कांग्रेस में बंट गयी हैं। मैहर विस क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी श्रीकांत चतुर्वेदी ने बाजी मारी तो अमरपाटन में कांग्रेस के प्रत्याशी डॉ. राजेन्द्र कुमार सिंह को विजय मिली है।
सतना तथा मैहर जिले के विधानसभा चुनाव से चुनावी सफर का आगाज करने वाली विन्ध्य जनता पार्टी खाता नहीं खोल पायी और व्हीजेपी के सुप्रीमो नारायण त्रिपाठी खुद चुनाव हार गये।
नागौद से भाजपा के नागेंद्र सिंह विजयी
फ़ोटो – नागेंद्र सिंह, विधायक नागौद
नागौद विधानसभा क्षेत्र से एक बार फिर भाजपा ने जीत दर्ज की है। भाजपा प्रत्याशी नागेन्द्र सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी बसपा के यादवेन्द्र सिंह को 17369 मतों से हरा दिया। भाजपा को यहां 70712 मत प्राप्त हुये। जबकि बसपा को 53343 मत मिले। तीसरे नंबर यहां कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. रश्मि सिंह रहीं, उन्हें 50282 मत प्राप्त हुये।
कांग्रेस के डॉ. राजेन्द्र सिंह ने जीती अमरपाटन सीट
फ़ोटो – डॉ राजेन्द्र सिंह,विधायक अमरपाटन
अमरपाटन विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के डॉ. राजेन्द्र कुमार सिंह ने जीत हासिल की है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा के रामखेलावन पटेल को 6490 मतों से शिकस्त दी। कांग्रेस को यहां 80949 मत प्राप्त हुये। जबकि भाजपा को 74459 मत मिले। बसपा के छंगेलाल कोल तीसरे स्थान पर रहे और उन्हें 21317 मत प्राप्त हुये। बता दें कि पिछले विधानसभा चुनाव में अमरपाटन क्षेत्र से भाजपा के उम्मीदवार रामखेलावन पटेल ने चुनाव जीता था। लेकिन इस बार वह अपनी सीट नहीं बचा पाये।
सतना से गणेश को पराजित कर जीते सिद्धार्थ
फ़ोटो – सिद्धार्थ सुखलाल कुशवाहा, विधायक सतना
सतना विधानसभा सीट में एक बार फिर कांग्रेस का कब्जा हो गया है। कांग्रेस के प्रत्याशी सिद्धार्थ कुशवाहा ने भाजपा प्रत्याशी गणेश सिंह को 4041 मतों से शिकस्त दी। सिद्धार्थ कुशवाहा ने 70638 मत प्राप्त किये, जबकि भाजपा के गणेश सिंह को 66557 मत प्राप्त हुये। यहां से तीसरे नंबर पर बसपा प्रत्याशी रत्नाकर चतुर्वेदी शिवा रहे, उन्हें 33567 मत प्राप्त हुये। उल्लेखनीय होगा कि सतना विधानसभा सीट से सांसद गणेश सिंह के चुनाव मैदान में उतरने और भाजपा के नेता रत्नाकर चतुर्वेदी शिवा के पार्टी से विद्रोह कर बसपा की टिकट पर चुनाव लड़ने की वजह से यह सीट सबकी नजरों में आ गयी थी। यहां शुरू से ही त्रिकोणीय मुकाबले का अनुमान जताया जा रहा था।
विक्रम सिंह ने जीती रामपुर बाघेलान सीट
फ़ोटो – विक्रम सिंह विक्की, विधायक रामपुर बाघेलान
रामपुर बाघेलान विधानसभा सीट भाजपा के खाते में गयी है। यहां भाजपा प्रत्याशी विक्रम सिंह विक्की ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस के रामशंकर पयासी को 22581 के बड़े अंतर से हरा दिया। बसपा प्रत्याशी मणिराज सिंह तीसरे नंबर पर रहे। उन्हें 38113 मत प्राप्त हुये। उल्लेखनीय होगा कि पिछले विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस के रामशंकर पयासी भाजपा के विक्रम सिंह से चुनाव हार गये थे।
Satna News :विधानसभा निर्वाचन 2023 मे हुये मतदान पश्चात इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन में दर्ज मतो की गणना पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था के बीच शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय व्यंकट क्रमांक-1 सतना में 3 दिसंबर को प्रातः 8 बजे से पोस्टल बैलेट की गिनती के साथ शुरू होगी। सुबह 8ः30 बजे से ईव्हीएम में दर्ज मतों की गणना प्रारंभ होगी। मतगणना केन्द्र में सुरक्षा के कड़े प्रबंध रहेंगे।
Image credit by social Media
इस संबंध में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा ने बताया कि उम्मीदवारों तथा प्रेक्षकों की उपस्थिति में प्रातः 7 बजे स्ट्रांग रूम खोले जायेंगे। स्ट्रांग रूम से मतगणना कक्ष तक ईव्हीएम ले जाने के लिए पृथक से दल तैनात किया गया है। अधिकारियों की निगरानी में ईव्हीएम मतगणना कक्ष तक जायेंगी। नवीन भवन में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए अलग-अलग मतगणना कक्ष बनाए गए हैं। इनमें भूतल पर दो विधानसभा क्षेत्र, प्रथम तल पर तीन विधानसभा क्षेत्र और द्वितीय तल पर दो विधानसभा क्षेत्र के मतों की गणना की जायेगी।
निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना का कार्य प्रातः 8 बजे से शुरू कर दिया जायेगा। डाक मत पत्र की गणना शुरू होने के 30 मिनट के बाद ईवीएम के मतो की गणना प्रारंभ होगी और चक्रवार परिणाम की घोषणा की जायेगी। इसके लिए अलग से मतगणना टीम तैनात रहेगी। अंतिम परिणाम मिलने तक मतगणना लगातार जारी रहेगी। प्रत्येक चक्र की गणना पूरी होने के बाद रिटर्निंग आफीसर द्वारा हस्ताक्षर के बाद इसे इनकोर पोर्टल पर ऑनलाइन दर्ज कर दिया जायेगा। इसके बाद कोई भी व्यक्ति निर्वाचन आयोग की वेबसाइट तथा एप पर परिणाम देख सकता है। मीडिया सेंटर में भी प्रत्येक चक्र के परिणाम विधानसभावार सूचित किये जायेंगे।
Image Credit By Social Media
जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा ने बताया कि प्रत्येक मतगणना कक्ष में 14 टेबिलों में मतगणना होगी। प्रत्येक चक्र में 14 मतदान केन्द्रों की गणना की जाएगी। प्रत्येक टेबिल में मतगणना सहायक, माइक्रो प्रेक्षक, सुपरवाइजर तैनात रहेंगे। गणना के दौरान एक चक्र की ईवीएम की गणना होने के बाद जब तक उसे वहां से हटाया नही जाता, तब तक दूसरे चक्र की ईवीएम की गणना शुरू नही की जायेगी। काउटिंग के बाद ईवीएम की सीयू और मतपत्र लेखा सीलबंद कर रखे जायेगें। गणना कक्ष मे प्रत्येक टेबल पर एक-एक गणना सहायक, गणना पर्यवेक्षक और माईक्रो आब्जर्वर तैनात रहेगें।
गणना कक्ष में सुरक्षा जाली के दूसरी तरफ अभ्यर्थी के गणना एजेन्ट भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित क्रमानुसार बैठेगें। मतगणना कार्य में लगे गणना सुपरवाइजर, मतगणना सहायक और माइक्रो आब्जर्वर का तीन बार रेण्डमाइजेशन किया जायेगा। अंतिम रेण्डमाइजेशन मतगणना दिवस 3 दिसंबर को प्रातः 5 बजे प्रेक्षकों की उपस्थिति में किया जायेगा।
इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसेस ले जाने पर रहेगा प्रतिबंध
जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतगणना स्थल पर गणना कक्षों में किसी भी प्रकार का मोबाईल, लैपटॉप एवं इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसेस सख्ती से प्रतिबंधित रहेगा। गणना कक्षों में केवल प्रेक्षक के अलावा और किसी को भी मोबाईल साथ में ले जाने की इजाजत नहीं होगी। उन्होने बताया कि मतगणना स्थल पर प्राधिकृत प्रवेश पत्र के बिना किसी भी व्यक्ति को प्रवेश नहीं दिया जायेगा।
मतगणना केन्द्र में केवल वैध प्रवेश पत्रधारियों को ही प्रवेश दिया जाएगा
मतगणना की विधानसभावार तथा चक्रवार जानकारी देने के लिए मीडिया सेंटर बनाया जा रहा है। निर्वाचन आयोग से प्राधिकार पत्र प्राप्त पत्रकारों को मीडिया सेंटर में ही बैठने की अनुमति होगी। मतगणना केन्द्र में उम्मीदवारों तथा उनके मतगणना एजेंटों को प्रवेश करने की अनुमति रहेगी। मतगणना की चक्रवार जानकारी देने के लिए पृथक से टीम तैनात की जाएगी। मतगणना पूरी होने के बाद संबंधित विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग आफीसर विजेता प्रत्याशी को निर्धारित प्रपत्र में प्रमाण पत्र प्रदान करेंगे।
मतगणना स्थल पर रिटर्निग ऑफीसर धारा 128 की उद्घोषणा मतगणना प्रारंभ होने के पूर्व माइक से करेगें। मतगणना कार्य में संलग्न अधिकारियों-कर्मचारियों को मतगणना स्थल पर प्रातः 6 बजे तक उपस्थित होने के निर्देश दिये गये है। जबकि अभ्यर्थी एवं उनके गणना एजेन्टो को प्रातः 7 बजे तक मतगणना स्थल पर प्रवेश कर लेने को कहा गया है। मतगणना स्थल पर भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी प्रवेश प्राधिकार पत्र धारी मीडिया के व्यक्ति अभ्यर्थी और एजेन्टों वाले सामने के प्रवेश द्वार से प्रवेश करेगें और मतगणना स्थल पर बनाये गये मीडिया कक्ष में बैठेगें। उन्हें इधर-उधर घूमने की इजाजत नहीं होगी। आयोग के निर्देशानुसार मीडिया कर्मी प्राधिकार पत्र धारण कर एस्कार्टिग आफीसर के साथ बिना मोबाइल के गणना कक्षों में निर्धारित मार्क लाइन तक प्रक्रिया को देखने के लिए जा सकेंगे। इनमें पूरी गणना के दौरान प्रिंट मीडिया के प्रतिनिधि एक बार और इलेक्ट्रानिक मीडिया के प्रतिनिधि केवल दो बार एस्कार्टिंग आफीसर के साथ गु्रप में जा सकेंगे।
मतगणना स्थल पर इधर-उधर घूमने की अनुमति नही होगी
मतगणना स्थल पर अभ्यर्थी और उनके एजेण्ट अपने आवंटित टेबिल के सामने की ओर जाली के दूसरे तरफ अपने स्थान पर मतगणना प्रारंभ होने के पूर्व बैठेंगे। अभ्यर्थी के एजेण्टों को दूसरी टेबिल पर जाने या इधर-उधर घूमने की कतई इजाजत नहीं होगी। मतगणना कार्य में सभी उपस्थित एजेण्ट, अभ्यर्थी एवं गणना कार्य में लगे अधिकारियों-कर्मचारियों एवं मीडिया कर्मियों को अपना प्रवेश प्राधिकार पत्र प्रदर्शित करना होगा। मतगणना स्थल पर बिना प्रवेश पत्र धारी किसी व्यक्ति को प्रवेश नही दिया जायेगा और ना ही किसी व्यक्ति को इधर-उधर घूमने की अनुमति होगी। मतगणना स्थल पर अभ्यर्थी उनके एजेन्ट गणना कार्य में संलग्न अधिकारी-कर्मचारियो मीडिया कर्मियो सहित किसी भी व्यक्ति को मोबाइल, पान, तम्बाकू, बीड़ी, सिगरेट, माचिस, तरल पदार्थ, गुटखा एवं भोजन सामग्री ले जाने की इजाजत कतई नही दी जायेगी।
प्रवेश और पार्किंग व्यवस्था
मतगणना स्थल पर अभ्यर्थी और उनके एजेण्ट तथा मीडिया पर्सन की एंट्री विद्यालय के सामने के मुख्य द्वार से होगी तथा इनके वाहन रेल्वे ग्रांउड में पार्क किये जायेंगे। मतगणना कार्य में संलग्न सभी अधिकारी-कर्मचारी, रिटर्निंग ऑफिसर्स, प्रेक्षक सहित सभी निर्वाचन अमले का प्रवेश विद्यालय के पिछले द्वार से होगा और इनके वाहनों की पार्किंग पीछे के मैदान में रहेगी। बहुउद्देशीय भवन के पास सभी कार्मिकों और अधिकारियों-कर्मचारियों के मोबाईल जमा करने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। यहीं पर टेबिल के कार्मिकों की डिकोडिंग चार्ट भी चस्पा किया जायेगा। अभ्यर्थी एवं उनके एजेण्टों के मोबाईल मुख्य प्रवेश द्वार पर ही बाहर रखवा लिये जायेंगे और किसी भी व्यक्ति को बीड़ी, सिगरेट, गुटखा, तंबाकू सहित किसी भी प्रकार के ज्वलनशील पदार्थ को ले जाने की अनुमति नहीं होगी। मतगणना स्थल पर विधिवत जांच और फ्रिसि्ंकग के बाद ही प्राधिकार पत्र के आधार पर प्रवेश दिया जायेगा। कलेक्ट्रेट के सामने धवारी चौराहे से प्रेमनगर जनता स्कूल तक का रास्ता और ट्रैफिक पूरा बंद रहेगा।
Election Commission sent notice to Rahul Gandhi: पीएम के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करने के लिए चुनाव आयोग ने राहुल गांधी को नोटिस भेजा है।कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी अपने बयान के बाद एक बार फिर से फंस गए है। दरअसल पांच राज्यों में हो रहे चुनाव के दौरान उन्होंने पीएम मोदी पर विवादित टिप्पणी कर दी। उनके बयान को लेकर चुनाव आयोग ने एक्शन लिया है। आयोग की तरफ से राहुल गांधी को नोटिस जारी कर 25 नवंबर तक जवाब देने के लिए कहा गया है।
IMAGE CREDIT BY SOCIAL MEDIA
राहुल ने पीएम को बताया था पनौती
दरअसल, 19 नवंबर को अहमदाबाद में आयोजित विश्व कप के फाइनल मैच को देखने के लिए प्रधानमंत्री मोदी पहुंचे थे। इस मैच में भारत ऑस्ट्रेलिया से खिताबी मुकाबला हार गया था। इसके बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने राजस्थान में एक चुनावी भाषण के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के लिए पनौती शब्द का इस्तेमाल किया था। हालांकि, उन्होंने पीएम मोदी का नाम नहीं लिया था।
चुनाव आयोग ने भेजा नोटिस
राहुल गांधी के इस बयान के बाद बीजेपी नेताओं ने कार्रवाई की मांग की थी। बीजेपी महासचिव राधा मोहन दास अग्रवाल, ओम पाठक सहित पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने निर्वाचन आयोग को ज्ञापन भी सौंपा था। ज्ञापन में मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी के खिलाफ धोखाधड़ी, आधारहीन और अपमानजनक आचरण के लिए उचित कानूनी कार्रवाई करके तत्काल हस्तक्षेप किए जाने की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया है कि कांग्रेस नेताओं के बयान चुनावी माहौल को खराब कर देंगे। इससे सम्मानित व्यक्तियों को बदनाम करने के लिए अपशब्दों, आपत्तिजनक भाषा का उपयोग और झूठी खबरों को रोकना मुश्किल हो जाएगा। भाजपा नेताओं की तरफ से शिकायत मिलने के बाद चुनाव आयोग ने कांग्रेस नेता को नोटिस भेजकर 25 नवंबर तक जवाब मांगा है। इसके साथ ही चुनाव आयोग ने ये भी कहा है कि अगर चुनाव आयोग को जवाब सही समय पर नहीं मिलता है तो वह कांग्रेस नेता के खिलाफ कार्रवाई करेगी।
सतना,मध्यप्रदेश।। विंध्य जनता पार्टी के सुप्रीमो मैहर के पूर्व विधायक नारायण त्रिपाठी ने मप्र के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन को पत्र लिखकर सर्विस वोटरों, 80 प्लस और दिव्यांग मतदाताओं के मतों की गणना ईवीएम की गिनती से पहले की जाए और उनकी घोषणा भी की जाए।
वीजेपी सुप्रीमो ने शंका जाहिर की है कि चुनावी नतीजों को प्रभावित करने के लिए इन मतदाताओं के मतों का दुरूपयोग किया जा सकता है।
IMAGE CREDIT BY SATNA TIMES
उल्लेखनीय है कि वर्तमान में मतगणना हेतु आयोग द्वारा जारी दिशा निर्देशों के अनुसार चुनाव ड्यूटी में संलग्न कर्मचारियों, दिव्यांग एवं 80 प्लस वृद्ध मतदाताओं द्वारा मतदान के डाक मतपत्रों से किया गया है। पुराने नियम के अनुसार इन मतों की गिनती पहले होती है, लेकिन आधिकारिक घोषणा ईवीएम खुलने के बाद की जाती है। ऐसे में आशंका जताई गई है कि अंतिम समय में डाक मतों से छेड़छाड़ कर मतों को रिजेक्ट कर या अन्य प्रकार से गड़बड़ी करके कम अंतर वाली सीटों में हारजीत को प्रभावित किया जा सकता है। यह आशंका तमाम प्रत्याशियों और उनके समर्थकों में बनी रहती है।
नारायण त्रिपाठी ने सुझाव दिया है कि रिटर्निंग आफीसर द्वारा पुन: सत्यापन किया जाकर प्रत्याशियों को प्राप्त मतों की घोषणा सबसे पहले की जाए तत्पश्चात ईवीएम मशीन द्वारा किये गये मतदान की गणना आरंभ हो। श्री त्रिपाठी ने कहा है कि निष्पक्ष मतदान के साथ निष्पक्ष गणना भी उतनी ही आवश्यक है।
MP Election 2023 News: भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने मध्य प्रदेश में भिंड जिले के अटेर विधानसभा क्षेत्र के एक मतदान केंद्र पर 21 नवंबर को पुनर्मतदान का आदेश दिया है. एक आधिकारिक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी. विज्ञप्ति के मुताबिक, किशुपुरा में मतदान केंद्र संख्या 71 के अंतर्गत मतदेय संख्या तीन पर सुबह सात बजे से शाम छह बजे के बीच मतदान होगा. आयोग ने कहा कि मतदाताओं की बीच की उंगली पर स्याही लगाई जाएगी.
Image credit by social media
विज्ञप्ति के मुताबिक, जिला निर्वाचन अधिकारी को पुनर्मतदान का आदेश जारी कर दिया गया है. जिले के एक अधिकारी ने कहा कि गोपनीयता भंग होने के कारण पुनर्मतदान का आदेश दिया गया है क्योंकि कुछ लोगों ने यहां किशुपुरा में संबंधित मतदेय केंद्र पर 17 नवंबर को मतदान के दौरान वीडियो बनाया था. अटेर से मौजूदा विधायक और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता अरविंद सिंह भदौरिया का मुकाबला कांग्रेस के पूर्व विधायक हेमंत कटारे से है. निर्वाचन आयोग के अनुसार, मध्य प्रदेश की सभी 230 विधानसभा सीटों पर 17 नवंबर को एक ही चरण में मतदान हुआ, जिसमें मतदान प्रतिशत 77.15 दर्ज किया गया. मतगणना तीन दिसंबर को होगी. यह मतदान केंद्र भिंड जिले में है.
बता दें कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने 17 नवंबर को हुए विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी के एक कार्यकर्ता की मौत होने के सिलसिले में मध्य प्रदेश के छतरपुर में खजुराहो पुलिस थाने के बाहर अपना धरना रविवार को समाप्त कर दिया.राजनगर विधानसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी)के पदाधिकारियों के साथ झड़प के दौरान एक कार से कुचलकर कांग्रेस कार्यकर्ता सलमान खान की मौत हो गई थी. सिंह ने शनिवार को पार्टी विधायकों आलोक चतुर्वेदी और विक्रम सिंह के साथ अपना धरना शुरू किया था और पुलिस थाने के बाहर एक तंबू में रात भर रुके थे.
बीजेपी की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष वी. डी. शर्मा ने निर्वाचन आयोग (ईसीआई) को की गई एक शिकायत में दावा किया कि पुलिस ने पक्षपातपूर्ण तरीके से काम किया और आरोप लगाया कि चुनाव को प्रभावित करने के लिए कांग्रेस उम्मीदवार विक्रम सिंह नाती राजा ने खान की हत्या कर दी.
सतना,मध्यप्रदेश।। यह देश की जनता का आशीर्वाद है कि आज भारत विश्व में नई बुलंदियों पर है। सारी दुनिया में भारत का डंका बज रहा है। आपके एक वोट ने ऐसा कमाल किया है कि देश के दुश्मनों के हौसले पस्त हैं। साथियो, आपका हर वोट त्रिशक्ति की ताकत से भरा है, त्रिविध शक्ति का सामर्थ्य आपके वोट में है। आपका एक वोट यहां फिर से भाजपा की सरकार बनाने वाला है। आपका वोट दिल्ली में मोदी को मजबूत करेगा और आपका वोट भ्रष्टाचारी कांग्रेस को एमपी की सरकार से सौ कोस दूर ले जाएगा। यानी एक वोट, तीन कमाल। यह प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को सतना में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कही। सभा को सांसद श्री गणेश सिंह एवं जिलाध्यक्ष श्री सतीश शर्मा ने भी संबोधित किया। सभा के पूर्व मैहर घराने के कलाकारों ने ज्योति चौधरी के नेतृत्व में नल तरंग की प्रस्तुति दी, जिसे प्रधानमंत्री जी ने सराहा।
Image credit by social media
कांग्रेस के झूठ का गुब्बारा फूटा, यहां-वहां भाग रहे नेता
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस बार मध्यप्रदेश का चुनाव बड़ा ही दिलचस्प है। इस चुनाव का परिणाम माताएं, बहनें तय करने वाली हैं। मोदी ने कहा कि मतदान में कुछ दिन बचे हैं, लेकिन उससे पहले ही कांग्रेस को झूठ का गुब्बारा पंचर हो गया है, फूट गया है। कांग्रेस के झूठ के गुब्बारे की हवा निकल गई है। आपने देखा है न कि जब गुब्बारे की हवा तेजी से निकलती है, तो वह कैसे लड़खड़ाते हुए, शोर मचाता हुआ इधर-उधर भागता है। आजकल कांग्रेस के नेता वैसे ही लहराते हुए इधर-उधर भागते हुए शोर मचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास एमपी के विकास का कोई रोडमैप नहीं है और इसलिए कांग्रेस के थके हुए चेहरों में यहां के युवाओं को कोई भविष्य नहीं दिखाई देता। इसलिए एमपी को भाजपा पर भरोसा है, मोदी की गारंटी पर भरोसा है। ये भरोसा इसलिए है, क्योंकि हर देशवासी जानता है कि मोदी की गारंटी यानी हर गारंटी के पूरी होने की गारंटी।
Image credit by social media
एमपी के विकास में कांग्रेस ने अटकाए रोड़े
पीएम मोदी ने कहा कि मध्यप्रदेश में भाजपा की सरकार को 10 साल तक केंद्र की कांग्रेस सरकार ने काम नहीं करने दिया। हर काम में रोड़े अटकाए, रुकावटें पैदा की। अभी 2014 में ही तो मध्यप्रदेश को डबल इंजन की डबल ताकत मिली है, जिसके बल पर भाजपा की सरकार प्रदेश को उस अंधेरे कुएं से निकाल पाई है, जिसमें कांग्रेस ने उसे धकेल दिया था। अब प्रदेश के तेज विकास का समय आया है, दलित, पीड़ित, शोषित, वंचित, पिछड़े, आदिवासी, गरीब, नौजवान और हर वर्ग के विकास का समय आया है। सभी को अब उनका हक मिलेगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हर गरीब का सपना होता है कि उसका अपना घर हो। जिंदगी में जिसका कोई अता-पता नहीं होता, वो चाहता है कि उसका एक पता हो। कांग्रेस के जमाने में हर गरीब पाई-पाई जोड़कर अपना घर बनाने की कोशिश करता था, लेकिन भ्रष्टाचार के कारण उसका सपना चकनाचूर हो जाता था। भाजपा सरकार ने बीते 10 वर्षों में चार करोड़ से अधिक गरीब परिवारों को पक्का घर दिया है। यह दुनिया के लिए अचरज की बात है कि हमने इतने घर बनाए हैं, जितनी कई देशों की आबादी नहीं होती। मोदी ने कहा कि हम तो भक्ति में डूबे हुए लोग हैं और इसलिए राम मंदिर भी उसी भावना से बनाते हैं, जिस भावना से 4 करोड़ गरीबों के घर बनाए हैं। उसी भावना से हम लोकतंत्र का मंदिर नया संसद भवन बनाते हैं और उसी से 3000 पंचायत भवन भी बनाते हैं। मोदी ने कहा कि मुझे खुशी है कि डबल इंजन सरकार के चलते एमपी में भी लाखों घर बनाए गए हैं और सतना में भी हजारों गरीबों को पक्का घर मिला है। मोदी ने कहा कि जिन लोगों को घर नहीं मिले हैं, यह मेरी गारंटी है कि हम उन्हें भी घर देंगे। इसके लिए पैसों का इंतजाम भी हमने कर के रखा है। 3 दिसंबर को दोबारा भाजपा की सरकार बनते ही काम शुरू कर देंगे। उन्होंने कहा कि ये घर सिर्फ चारदीवारी नहीं होंगे, बल्कि इनमें बिजली भी होगी, गैस कनेक्शन भी होगा, टॉयलेट भी होगा और नल का जल भी होगा। घर के साथ मुफ्त राशन का इंतजाम भी होगा, ताकि गरीब का चूल्हा कभी बुझे नहीं।
बंद नहीं होगी गरीब कल्याण अन्न योजना
मोदी ने कहा कि कोरोना संकट को याद कीजिए, हर तरफ मौत मंडरा रही थी। उस समय लोगों की जिंदगी बचाना सबसे बड़ी जिम्मेदारी बन गई थी। लोग घरों से निकल नहीं पाते थे। उस समय हमने तय किया कि किसी गरीब का चूल्हा बुझना नहीं चाहिए। बच्चे रात को भूखे नहीं सोना चाहिए और किसी मां की आंखों में बेबसी के आंसू नहीं आना चाहिए। हमने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना शुरू की और देश के अनाज भंडार गरीबों के लिए खोल दिये। देश के 80 करोड लोगों को मुफ्त में राशन बांटना शुरू कर दिया। साथियो यह योजना अगले महीने पूरी हो जाएगी। लेकिन मैंने यह तय किया है कि इस योजना को बंद नहीं होने दूंगा और पांच साल और चालू रखूंगा। इससे सतना जिले के लगभग 200000 परिवारों की राशन की चिंता कम हो जाएगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जनता के आशीर्वाद से हमारी सरकार गरीब कल्याण के जो काम कर रही है, घर दे रही है, मुफ्त राशन दे रही है, मुफ्त इलाज की सुविधा दे रही है, इन पर लाखों करोड़ रुपये खर्च हो रहे हैं। देश का पैसा गरीबों के काम आ रहा है। लेकिन जब कांग्रेस की सरकार थी, तब ये पैसा कहां जाता था? उस समय देश का लाखों करोड़ रूपया टूजी घोटाले, कोयला घोटाले, कॉमनवेल्थ घोटाला, हेलीकॉप्टर घोटाला जैसे घोटालों में जाता था। हमने ये सारे घोटाले बंद कर दिए। कांग्रेस के करप्शन काल में जो बिचौलियों की मौज थी, उस पर भी मोदी ने ताला लगा दिया और सरकारी योजनाओं का पैसा सीधे लोगों के खातों में भेजना शुरू कर दिया। 10 सालों में हमारी सरकार 33 लाख करोड़ रुपये गरीबों के खाते में भेज चुकी है और उसमें से एक रुपया भी इधर-उधर नहीं हुआ।
भ्रष्टाचार की दुकानें बंद हो गई, इसलिए कांग्रेस देती है गाली
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस किस तरह गरीबों का हक छीनती थी, इसका जीता जाता प्रमाण है फर्जी लाभार्थी घोटाला। कांग्रेस ने मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ की आबादी के बराबर फर्जी लाभार्थी कागजों में पैदा कर दिए थे। 10 करोड़ ऐसे लोग जिनका जन्म ही नहीं हुआ, वो भी लाभार्थी बन गए थे। कांग्रेस सरकार उनके नाम पर तिजोरी से पैसे निकालती थी और पैसे गायब हो जाते थे। ये पैसे कांग्रेस के चेले-चपाटियों की जेबों में चले जाते थे, दलालों के हवाले कर दिए जाते थे। गरीब व्यक्ति जब राशन की दुकान पर जाता था तो उसे पता चलता था कि उसका राशन तो कोई और ले गया। जब किसी जरूरतमंद बच्चे को स्कॉलरशिप की जरूरत होती थी, उसका हक कोई और छीन लेता था। सरकार जब गैस की सब्सिडी भेजती थी, तो वह सीधी कांग्रेस के चेले चपाटियों की जेब में चली जाती थी। मोदी ने कहा कि कांग्रेस का दुर्भाग्य था कि आपने 2014 में मुझे बिठा दिया और उसने कांग्रेस की इस लूट पर ब्रेक लगा दिया। 10 करोड़ फर्जी लाभार्थियों को भी बाहर निकाल दिया। इसकी वजह से देश के गरीबों के पौने तीन लाख करोड़ रुपये बचाकर मोदी ने आपके हवाले कर दिए हैं। मोदी ने कहा कि कांग्रेस को इतना बड़ा नुकसान हुआ है, इसलिए वो मोदी को गालियां दे रही है। लेकिन मोदी को ये काम करने की हिम्मत किसने दी? जनता के आशीर्वाद से जो ताकत मिली है, उसी के बल पर हमारी सरकार ये काम कर पाई। इसलिए कांग्रेस मोदी के साथ-साथ देश की जनता से भी दुश्मनी निकाल रही है।
कांग्रेस किस तरह गरीबों का हक छीनती है उसका उदाहरण है "फर्जी लाभार्थी घोटाला"
10 करोड़ फर्जी हितग्राहियों की आड़ में कांग्रेस अपने चेले-चपाटों की जेब भरती थी।
पीएम मोदी ने कहा कि आप मेरी एक सीख जरूर याद रखिएगा, कभी मत भूलना। कांग्रेस जहां-जहां भी आई है, वहां-वहां तबाही लाई है। अगर एमपी में गलती से भी कांग्रेस आ गई, तो फिर आपको सरकार से मिलने वाली सारी मदद बंद कर देगी। कांग्रेस आई तो मुफ्त इलाज मिलना बंद हो जाएगा, किसान सम्मान निधि के पैसे मिलने बंद हो जाएंगे। एमपी में शिवराज जी की सरकार ने लाडली बहना, लाडली लक्ष्मी जैसी जो योजनाएं चलाई हैं, ये उनको भी नहीं छोड़ेंगे। इसलिए आपको अपना एक-एक वोट कमल के फूल पर डालकर कांग्रेस को रोकना है।
कांग्रेस ने दशकों तक एमपी को अभावों में रखा
पीएम मोदी ने कहा कि आप मेरी एक बात और याद रखिएगा। यहां मध्यप्रदेश में कांग्रेस के दो ऐसे नेता हैं जो कई बार दशकों से मध्यप्रदेश कांग्रेस को चलाते हैं। अब ये दोनों कपड़ा फाड़ नेता बन गए हैं। एक दूसरे के कपड़े फाड़ रहे और अपने समर्थकों से भी एक-दूसरे के कपड़े फाड़ने के लिए कह रहे हैं। श्री मोदी ने कहा कि यही नेता मध्यप्रदेश को दशकों तक अभावों में रखने, विकास और सुविधाओं से वंचित रखने के लिए जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि ये नेता आपके बेहतर भविष्य का भरोसा कभी नहीं दे सकते, इनको तो बस एक ही चिंता है कि 3 दिसंबर को भाजपा से हारने के बाद प्रदेश कांग्रेस पर किसका बेटा कब्जा करेगा? उनकी लड़ाई की वजह यही है। वे अपने बेटों को सेट करने में पूरे मध्यप्रदेश को अपसेट करने में लगे हुए हैं। जिनको सिर्फ अपने बेटों की ही चिंता है, वह मध्यप्रदेश के गरीब, वंचित, पिछड़े, आदिवासी और मध्यम वर्ग के बेटे बेटियों की चिंता कर ही नहीं सकते।
Image credit by social media
तीन दिसंबर के बाद तेज होगी सतना के विकास की गति
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सतना सहित पूरे विंध्य क्षेत्र में हमें मिलकर तेज विकास करना है। भाजपा सरकार इस क्षेत्र के पर्यटन उद्योग को नया विस्तार देना चाहती है। इनवेस्टमेंट कॉरिडोर और एलिवेटेड कॉरिडोर के क्षेत्र में निवेश की नई संभावनाएं बनेंगी। लघु उद्योग कुटीर उद्योग, खेती से जुड़े उद्योगों का भविष्य उज्जवल होने वाला है। यहां मध्यप्रदेश में छोटे, मध्यम और लघु उद्योगों के लिए भाजपा सरकार ने सैकड़ों करोड़ रुपए की मदद दी है। मध्यप्रदेश में लगभग ढाई सौ औद्योगिक क्षेत्र और 50 से अधिक एमएसई क्लस्टर भी स्वीकृत किए हैं। 3 दिसंबर को भाजपा की जीत के बाद इन सभी परियोजनाओं पर काम और तेज हो जाएगा, यह मोदी की गारंटी है। श्री मोदी ने कहा कि पहली बार वोट देने जा रहे युवाओं से मैं यह कहना चाहता हूं कि यह विधायक चुनने का चुनाव नहीं है, यह आपके भविष्य का चुनाव है। अपना और अपने बच्चों का भविष्य बनाने के लिए कमल के फूल को चुनें।
हर बूथ पर कमल खिलाने जुट जाएं कार्यकर्ता
पीएम मोदी ने कहा कि मैं पार्टी कार्यकर्ताओं से भी एक बात कहना चाहता हूं कि प्रदेश के कोने-कोने में पार्टी कार्यकर्ता पसीना बहा रहे हैं। मैं उनसे मिलूं या न मिलूं, उनकी फोटो अखबार या टीवी में दिखाई दे या न दे, इसकी परवाह न करते हुए ये कार्यकर्ता कई पीढ़ियों से जुटे हुए हैं। ये मेरे लिए बंदनीय हैं, हर कार्यकर्ता मेरे लिए श्रद्धा का केंद्र है। यह इन कार्यकर्ताओं का परिश्रम ही है, जिसने भाजपा को आज इस स्थिति में पहुंचा दिया है। इतनी मेहनत की है कि आज एमपी में कांग्रेस के हालात खराब हैं। अब हमें हर बूथ पर कमल खिलाने के संकल्प के साथ एकजुट होकर आगे बढ़ना है।
Image credit by social media
सभा के दौरान सांसद एवं सतना बिधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी गणेश सिंह, मैहर प्रत्याशी श्रीकांत चतुर्वेदी, रैगांव प्रत्याशी श्रीमती प्रतिमा बागरी, अमरपाटन प्रत्याशी रामखिलावन पटेल, रामपुर बघेलान प्रत्याशी विक्रम सिंह विक्की, चित्रकूट प्रत्याशी सुरेन्द्र सिंह गहरवार, नागोद प्रत्याशी नागेन्द्र सिंह मंच पर उपस्थित थे। मंच का संचालन कोल विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष रामलाल रौतेल ने किया एवं आभार प्रदर्शन सतना महापौर योगेश ताम्रकार ने किया।
इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में राम मंदिर के चित्र और नारे वाले चुनावी होर्डिंग लगाए जाने को लेकर कांग्रेस ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ निर्वाचन आयोग से शिकायत की है।भाजपा ने ये होर्डिंग राज्य में 17 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनावों से चंद रोज पहले लगाए हैं।
Image credit by social media
बीजेपी ने खारिज किए आरोप
कांग्रेस का आरोप है कि अयोध्या में भगवान राम की जन्मभूमि पर बनकर तैयार हो रहे मंदिर की पहचान के चुनाव प्रचार में इस्तेमाल से आदर्श आचार संहिता का खुला उल्लंघन हो रहा है।वहीं, भाजपा ने इस इल्जाम को खारिज करते हुए दलील दी है कि वह अपने हर चुनावी घोषणापत्र में कहती रही है कि यह मंदिर बनना चाहिए।
कांग्रेस के प्रदेश सचिव राकेश सिंह यादव ने शनिवार को ‘‘पीटीआई-भाषा’’ को बताया कि शहर के अलग-अलग स्थानों पर भाजपा के लगाए होर्डिंग में राम मंदिर के साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और राज्य की अलग-अलग सीटों से विधानसभा चुनाव लड़ रहे वरिष्ठ भाजपा नेताओं की भी तस्वीरें हैं।
होर्डिंग में छपा है नारा
यादव के मुताबिक, इन होर्डिंग पर भाजपा के चुनाव चिह्व कमल के फूल के साथ ही पार्टी का यह चुनावी नारा भी छपा है, ‘‘भव्य राम मंदिर बनकर हो रहा तैयार, फिर इस बार भाजपा सरकार।’’उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा के ये चुनावी होर्डिंग आदर्श आचार संहिता का खुला उल्लंघन हैं, क्योंकि संहिता में स्पष्ट है कि कोई भी राजनीतिक दल या उम्मीदवार अपने चुनाव प्रचार में किसी धार्मिक स्थल या उसके चित्र का इस्तेमाल नहीं कर सकता।
हमने ऐसे होर्डिंग को लेकर निर्वाचन आयोग से शिकायत की है।’’ यादव ने यह भी कहा, ‘‘राम मंदिर हमारे हृदय में बसा है और हम इसके निर्माण के विरोध में कतई नहीं हैं, लेकिन भाजपा ने चुनावी होर्डिंग में राम मंदिर के चित्र के साथ अपने कुछ ऐसे उम्मीदवारों की तस्वीरें भी लगाई हैं, जिनके खिलाफ संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।
कलेक्टर बोले करवाएंगे जांच
यह भगवान राम का अपमान है।’’ राम मंदिर के चित्र और नारे वाले होर्डिंग को लेकर कांग्रेस की शिकायत के बारे में पूछे जाने पर जिलाधिकारी और जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. इलैयाराजा टी ने कहा कि वह पूरी जांच के बाद ही टिप्पणी कर सकेंगे कि इस तरह के चुनाव प्रचार से आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन होता है या नहीं।
घोषणापत्र में बीजेपी ने किया है जिक्र
भाजपा की प्रदेश इकाई के प्रवक्ता गोविंद मालू ने कहा, ‘‘हमने गुजरे बरसों के दौरान अपने हर चुनावी घोषणापत्र में साफ कहा है कि हम अयोध्या में भव्य राम मंदिर के निर्माण में आने वाली बाधाएं दूर करेंगे। हम हमेशा से यह मंदिर बनाने की बात करते रहे हैं।
राम मंदिर का चित्र कोई धार्मिक प्रतीक नहीं: बीजेपी
ऐसे में इस बार चुनावी होर्डिंग में मंदिर के जिक्र से आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन कैसे हो सकता है?’’ मालू ने दावा किया कि राम मंदिर का चित्र कोई धार्मिक प्रतीक नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और सभ्यता की पहचान है, इसलिए इसके इस्तेमाल में आदर्श आचार संहिता आड़े नहीं आती।
बीजेपी ने राजनीति करने का लगाया आरोप
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ‘वोट बैंक’ की राजनीति के लिए राम मंदिर के निर्माण को लेकर दोमुंही बातें कर रही है। भाजपा प्रवक्ता ने यह भी कहा, ‘‘हम राम मंदिर को चुनावी मुद्दा नहीं मानते। यह मंदिर हमारी आस्था और श्रद्धा का केंद्र है।’