Maihar News :मध्य प्रदेश के मैहर जिले में रविवार देर रात एक प्राइवेट फाइनेंस कंपनी में काम करने वाली 24 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। पति का कहना है कि विवाद के बाद पत्नी ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली है, जबकि मायके वालों ने पति पर ही मैगी में जहर मिलाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।

परिवार वालों का कहना है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले 10 लाख रुपए दहेज के लिए बेटी को प्रताड़ित कर रहे थे।फिलहाल पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
‘मैं रोटी बना रही, वो मैगी बना रहे हैं’ – माँ से आखिरी बात
मृतका की पहचान सचि मिश्रा (24) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से सतना के सभापुर की रहने वाली थीं और मैहर में एचडीबी फाइनेंस कंपनी में काम करती थीं। उनकी शादी 2023 में रीवा के सिमरिया निवासी अतुल मिश्रा (27) से हुई थी, जो खुद एक प्राइवेट बैंक में कर्मचारी है। दोनों मैहर के हरनामपुर रोड पर किराए के मकान में रहते थे।सचि के भाई रजनीश तिवारी ने बताया कि घटना से कुछ देर पहले ही सचि ने फोन पर अपनी मां से बात की थी। उसने बताया था, “मैं रोटी बना रही हूं और वो (पति अतुल) मैगी बना रहे हैं।” भाई का आरोप है कि इसी मैगी में जहर मिलाकर अतुल ने उसकी बहन को मार डाला। उन्होंने कहा, “यह सोची-समझी साजिश है, रात 9 बजे घर में कीटनाशक कहां से आया?”
दहेज के लिए प्रताड़ना का आरोप
रजनीश ने यह भी आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही अतुल और उसके घरवाले 10 लाख रुपए, प्लॉट और गाड़ी की मांग को लेकर सचि के साथ आए दिन मारपीट करते थे और उसे मायके वालों से बात भी नहीं करने देते थे।
पति ने बताया सचि ने खुद खाया जहर
वहीं, आरोपी पति अतुल ने पुलिस को बताया कि रविवार रात किसी बात पर दोनों के बीच झगड़ा हुआ था, जिसके बाद वह गुस्से में घर से बाहर चला गया था। जब वह रात करीब 10 बजे लौटा, तो सचि गिलास में कुछ घोलकर पी रही थी और फिर बेहोश हो गई। वह उसे अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।फिलहाल, मैहर पुलिस ने मृतका के भाई के आरोपों के आधार पर पति अतुल मिश्रा को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है। पुलिस ने सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।







