Satna News :सतना शहर के खजुरी टोला क्षेत्र में रविवार रात करीब 11:10 बजे एक किसान के घर पर दो बदमाशों ने हमला कर भारी तोड़फोड़ की है। आरोपियों ने घर पर पथराव किया, गाली-गलौज की और घर के बाहर खड़ी एक मोटरसाइकिल व स्कूटी को पत्थरों से क्षतिग्रस्त कर दिया। वर्तमान में पीड़ित किसान की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की जांच शुरू कर दी है।

आयुष्मान अस्पताल के सामने, खजुरी टोला निवासी 47 वर्षीय फरियादी दीप शुक्ला ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि रविवार रात वे अपने परिवार के साथ घर पर मौजूद थे। इसी दौरान लवी सिंधी अपने एक साथी के साथ उनके घर के बाहर आया। आरोपी उनके बेटे अर्नव शुक्ला का नाम लेकर अश्लील गालियां देने लगा। आरोपियों ने घर के बाहर से जान से मारने की धमकी दी, जिसके डर के कारण फरियादी ने घर का दरवाजा नहीं खोला।
दरवाजे पर फेंके ईंट-पत्थर, पुलिस के नाम पर तोड़े वाहन
दरवाजा न खुलने पर आरोपियों ने जबरन घर में घुसने का प्रयास किया और ईंट व पत्थरों से दरवाजे पर हमला करना शुरू कर दिया। जब फरियादी दीप शुक्ला ने अंदर से पुलिस को बुलाने की बात कही, तो आरोपी और भड़क गए। उन्होंने घर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल (MP19 MW 5812) और स्कूटी (MP19 NG 10113) पर पत्थर से हमला कर उन्हें बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया।
जाते-जाते फिर दी धमकी, CCTV से होगी जांच
घटना के दौरान वहां काफी शोर-शराबा हुआ, जिसे आसपास के लोगों ने भी सुना। जाते-जाते आरोपियों ने एक बार फिर फरियादी के बेटे को जान से मारने की धमकी दी। घर पर हमले और तोड़फोड़ की यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।







