Satna News : मध्य प्रदेश शासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सतना जिले के प्रभारी खनिज अधिकारी एच.पी. सिंह को निलंबित कर दिया है। उन पर शासकीय कार्यों में गंभीर लापरवाही बरतने और जिले में खनिज राजस्व में भारी गिरावट के लिए जिम्मेदार होने का आरोप है। निलंबन की यह कार्रवाई खनिज साधन विभाग के अवर सचिव द्वारा संचालनालय भौमिकी तथा खनिकर्म के निर्देश पर की गई है।
![]()
आधिकारिक आदेश के अनुसार, निलंबन का मुख्य कारण चालू वित्तीय वर्ष में इलेक्ट्रॉनिक ट्रांजिट पास (ई-टीपी) की संख्या में आई भारी गिरावट है। समीक्षा में पाया गया कि सतना जिले में औसत दैनिक ई-टीपी की संख्या 1226 से घटकर मात्र 482 रह गई थी, जिससे सरकारी राजस्व को सीधा नुकसान हो रहा था।
समीक्षा बैठक में हुआ था लापरवाही का खुलासा
मामला 27 जून को हुई एक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग समीक्षा बैठक के बाद सामने आया था, जिसमें सतना जिले की स्थिति को “निराशाजनक” पाया गया था। बैठक में यह भी खुलासा हुआ कि जिले में क्षेत्र उपलब्धता के 3 और खदानों के लैप्स प्रपोजल के 5 महत्वपूर्ण प्रकरण लंबे समय से लंबित पड़े थे।सचालनालय ने इसे प्रभारी अधिकारी एच.पी. सिंह की अपने शासकीय कर्तव्यों के प्रति घोर लापरवाही और कार्यालय पर नियंत्रण रखने में विफलता माना।
दूसरी बड़ी है कार्यवाही
यह कार्रवाई सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 9(1) के तहत की गई है। निलंबन अवधि के दौरान, एच.पी. सिंह का मुख्यालय संचालनालय भौमिकी एवं खनिकर्म, क्षेत्रीय कार्यालय रीवा में निर्धारित किया गया है। गौरतलब है कि सतना जिले में पदस्थापना के दौरान एच.पी. सिंह पर यह दूसरी बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई है।








