Indore News : सोशल मीडिया पर अपनी अनोखी डांसिंग स्टाइल से पहचान बनाने वाले ट्रैफिक हवलदार रंजीत सिंह इन दिनों गंभीर विवादों में फंसे हुए हैं। एक महिला द्वारा लगाए गए आरोपों के बाद उन्हें विभाग ने लाइन अटैच कर दिया। इसी बीच शुक्रवार शाम उनके अचानक सीने में दर्द की शिकायत पर अस्पताल में भर्ती होने की खबर आई। लेकिन अब मेडिकल रिपोर्ट से बड़ा खुलासा हुआ है कि रंजीत पूरी तरह स्वस्थ हैं और उनकी सारी जांच सामान्य आई है।

मेडिकल रिपोर्ट में आया सच
शुक्रवार को रंजीत सिंह को शेल्बी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सीने में दर्द की शिकायत पर उनका इलाज कार्डियक यूनिट में कराने की मांग की गई, लेकिन डॉक्टरों ने साफ मना कर दिया। कारण यह था कि उनकी ECG रिपोर्ट्स बिल्कुल सामान्य आई थीं और हृदय संबंधी कोई समस्या नहीं पाई गई। इसके बाद उन्हें सिर्फ सामान्य जांच के लिए मेडिकल ICU में रखा गया।डॉक्टरों का कहना है कि अब तक की सभी जांचों में उनके स्वास्थ्य में किसी गंभीर बीमारी के लक्षण सामने नहीं आए हैं।
महिला ने लगाए गंभीर आरोप
पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब एक महिला ने वीडियो जारी कर आरोप लगाया कि रंजीत सिंह ने उन्हें मैसेज कर कहा “आप इंदौर आ जाइए, मैं आपका फ्लाइट और होटल का खर्च उठाऊंगा।”इस दावे के बाद महिला ने उन्हें जमकर आड़े हाथों लिया और सोशल मीडिया पर उनकी आलोचना की। वहीं, रंजीत ने सफाई देते हुए कहा कि उनकी बात को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है। टिकट और होटल की पेशकश मजाक में कही गई थी। उन्होंने इसे फेम पाने की कोशिश बताते हुए साइबर क्राइम में शिकायत दर्ज कराने की बात कही।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई अस्पताल की तस्वीरें
जैसे ही रंजीत अस्पताल में भर्ती हुए, उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने लगीं। इन तस्वीरों ने एक नया सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या यह सब सिर्फ सहानुभूति जुटाने का प्रयास था? कई लोग अब उन्हें “डांसिंग कॉप” की बजाय “प्लेबॉय कॉप” कहकर तंज कस रहे हैं।
विभाग की सख्ती जारी
विवाद के चलते वरिष्ठ अधिकारियों ने रंजीत सिंह को लाइन अटैच कर दिया है। फिलहाल पुलिस विभाग इस पूरे प्रकरण की जांच कर रहा है। वहीं, सोशल मीडिया पर लोग रंजीत की छवि को लेकर लगातार चर्चा कर रहे हैं।







