सतना (मध्य प्रदेश): मध्य प्रदेश के सतना जिले से एक ऐसा वीडियो सामने आया है जिसने कानून व्यवस्था और सत्ताधारी दल के दावों की धज्जियां उड़ा दी हैं। रामपुर बाघेलान में एक भाजपा नेता पर महिला ने चाकू की नोक पर दुष्कर्म और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। शर्मनाक बात यह है कि आरोपी कैमरे के सामने पुलिस को गालियां देते हुए अपनी राजनीतिक हनक दिखा रहा है।
![]()
“मेरा कुछ नहीं बिगड़ने वाला”: आरोपी का वायरल वीडियो
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में आरोपी अशोक सिंह खुलेआम कानून को चुनौती देता नजर आ रहा है। जब उससे पुलिस की शिकायत की बात की गई, तो उसने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के लिए अपशब्दों का प्रयोग करते हुए कहा— “मेरा क्या होगा? कुछ नहीं होगा। जहां शिकायत करनी है कर ले, मेरा कुछ नहीं बिगड़ने वाला।” वीडियो के बैकग्राउंड में पीड़िता के रोने और सिसकने की आवाजें सत्ता के इस अहंकार को और भी भयावह बना रही हैं।
6 महीने से दे रहा था दरिंदगी को अंजाम
पीड़िता ने एसपी को सौंपी लिखित शिकायत में रोंगटे खड़े कर देने वाली आपबीती सुनाई है:
-
शुरुआत: 6 महीने पहले आरोपी घर में घुसा और चाकू की नोक पर रेप किया।
-
ब्लैकमेलिंग: आरोपी ने आपत्तिजनक वीडियो बना लिया और परिवार को मारने की धमकी देकर चुप रहने पर मजबूर किया।
-
ताजा घटना: 20 दिसंबर को आरोपी दोबारा महिला के पास पहुँचा और शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाला। विरोध करने पर उसने वीडियो वायरल करने की धमकी दी।
पत्नी पार्षद, खुद ‘जिला बदर’ अपराधी
आरोपी अशोक सिंह की पत्नी नगर पंचायत में भाजपा पार्षद हैं। रसूख का आलम यह है कि अशोक सिंह पहले भी ‘जिला बदर’ (Tadipaar) किया जा चुका है और उस पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पीड़िता का आरोप है कि 22 दिसंबर को शिकायत के बावजूद 5 दिनों तक पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की, जिससे आरोपी के हौसले बुलंद हो गए।
सियासी घमासान: “सरकार चला रहे हैं या सर्कस?”
मामला सामने आते ही कांग्रेस ने सरकार को घेर लिया है। पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को टैग करते हुए तीखा हमला बोला:
“सतना में भाजपा नेता कहता है कि भाजपा की सरकार है, मेरा कुछ नहीं होगा। सीएम साहब, आप सरकार चला रहे हैं या सर्कस? आपकी पुलिस 6 महीने तक क्या कर रही थी?”
पुलिस का पक्ष
वीडियो वायरल होने और भारी दबाव के बाद पुलिस महकमा जागा है। एडिशनल एसपी प्रेमलाल कुर्वे ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है और इसकी जांच डीएसपी (मुख्यालय) मनोज त्रिवेदी को सौंपी गई है। पुलिस का दावा है कि तथ्यों की जांच के बाद सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।








