पन्ना (मध्य प्रदेश): मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में नवरात्र के पावन पर्व पर एक ऐसा हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसे लोग माता रानी का चमत्कार मान रहे हैं। यहां खेर माता के दर्शन कर लौट रहे एक मजदूर को सड़क किनारे जेम्स क्वालिटी का 4.04 कैरेट का बेशकीमती हीरा पड़ा हुआ मिला है, जिसकी अनुमानित कीमत 10 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

चमचमाता पत्थर समझकर घर ले आया मजदूर
रहुनियाँ गांव के रहने वाले गोविंद सिंह आदिवासी हर रोज की तरह सुबह खेर माता के दर्शन के लिए गए थे। वापस लौटते समय उनकी नज़र सड़क किनारे पड़े एक चमचमाते पत्थर पर पड़ी। उसे उठाकर वह घर ले आया, लेकिन उसे पता नहीं था कि यह कोई साधारण पत्थर नहीं बल्कि एक अनमोल हीरा है।
हीरा पारखी ने की पुष्टि, खुशी का ठिकाना नहीं
परिवार को दिखाने पर उन्हें शक हुआ कि यह हीरा हो सकता है। इसके बाद गोविंद सिंह इसे लेकर हीरा कार्यालय पहुंचे। वहां हीरा पारखी अनुपम सिंह ने जब इस चमकने वाली चीज़ की जांच की, तो यह 4.04 कैरेट का जेम्स क्वालिटी का हीरा निकला। यह सुनते ही गोविंद सिंह और उनके परिवार की खुशी का ठिकाना न रहा। उनका सालों पुराना सपना पूरा होता दिखा।
ट्रैक्टर खरीदने और घर बनाने का सपना होगा पूरा
गोविंद सिंह, जो सब्जी की खेती करते हैं और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, ने बताया कि वह पिछले तीन साल से माता रानी से ट्रैक्टर खरीदने के लिए प्रार्थना कर रहे थे। अब उन्हें लगता है कि माता रानी ने उनकी पुकार सुन ली है। गोविंद कहते हैं कि हीरे की नीलामी से मिलने वाले पैसों से वह पहले अपना अधूरा मकान बनवाएंगे और फिर ट्रैक्टर भी खरीदेंगे। इस कीमती हीरे के मिलने के बाद गोविंद सिंह मां की महिमा का गुणगान कर रहे हैं और उनके अधूरे सपने पूरे होने की उम्मीद जगी है।
यह घटना पन्ना जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है, जहां इसे नवरात्रों में माता रानी द्वारा दिया गया एक अनमोल उपहार माना जा रहा है।








