भोपाल। आधार कार्ड धारकों के लिए एक ज़रूरी सूचना है। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने आधार कार्ड में डेमोग्राफिक (जनसांख्यिकीय) और बायोमेट्रिक अपडेट की सेवाओं के लिए नई दरें निर्धारित कर दी हैं, जो 1 अक्टूबर 2025 से पूरे देश में प्रभावी हो जाएंगी। इसका सीधा असर उन लोगों पर पड़ेगा जिन्हें अपने आधार कार्ड में कोई बदलाव कराना है, क्योंकि इन सेवाओं की कीमतें अब बढ़ गई हैं।

यह बढ़ोतरी मध्य प्रदेश समेत देश भर के सभी आधार केंद्रों और ऑनलाइन सेवाओं पर लागू होगी। यदि आपके आधार में कोई सुधार आवश्यक है, तो आपके पास 1 अक्टूबर 2025 से पहले उसे पुरानी दरों पर अपडेट कराने का मौका है।
नई दरें जो 1 अक्टूबर 2025 से प्रभावी होंगी:
| सेवा का प्रकार | वर्तमान शुल्क (1 अक्टूबर 2025 से पहले) | नया शुल्क (1 अक्टूबर 2025 से) |
| डेमोग्राफिक अपडेट (नाम, पता, जन्मतिथि, लिंग, मोबाइल नंबर, ईमेल) | ₹50 | ₹75 |
| बायोमेट्रिक अपडेट (7–15 साल और 17+ आयु वर्ग के लिए) | ₹100 | ₹125 |
इन सेवाओं के लिए शुल्क पहले की तरह मुफ्त रहेगा:
- नया आधार कार्ड बनवाना।
- 5–7 साल की उम्र में मेंडेटरी बायोमेट्रिक अपडेट।
- 15–17 साल की उम्र में मेंडेटरी बायोमेट्रिक अपडेट।
कब तक लागू रहेंगी ये दरें?
UIDAI के अनुसार, ये संशोधित दरें 1 अक्टूबर 2025 से लागू होंगी और 30 सितंबर 2028 तक प्रभावी रहेंगी। आधार सेवाओं का इस्तेमाल करने वाले लोगों को सलाह दी जाती है कि वे बढ़ी हुई फीस से बचने के लिए, अगर कोई बदलाव ज़रूरी हो, तो जल्द से जल्द उसे पूरा करा लें।








