सतना

  • सतना गौरव अवार्ड से सम्मानित किए गए स्व. कुलदीप सक्सेना, 3000 से भी ज़्यादा कर चुके है सफल मंच का संचालन

    Satna News :सतना निवासी आवाज़ के जादूगर कहे जाने वाले स्व. श्री कुलदीप सक्सेना जी को सतना गौरव अवार्ड से सम्मानित किया गया। 25 जनवरी 2025 को बीटीआई ग्राउंड में आयोजित सतना गौरव दिवस 3.0 में स्व. श्री कुलदीप सक्सेना को उनके द्वारा मंच एवं फिल्म जगत में अपने योगदान हेतु सतना गौरव अवार्ड से नवाज़ा गया। उन्होंने 3000 से भी ज़्यादा सफल मंच संचालन किए जिसमें बॉलीवुड के कई सेलिब्रिटीज के साथ उन्होंने मंच साझा किया।

    सतना गौरव अवार्ड से सम्मानित किए गए स्व. कुलदीप सक्सेना..
    सतना गौरव अवार्ड से सम्मानित किए गए स्व. कुलदीप सक्सेना..

    50 से भी ज़्यादा डॉक्यूमेंट्री फ़िल्मों एवं 400 से भी ज़्यादा एड फ़िल्मों में उन्होंने अपनी आवाज़ प्रदान की जिसमें कई फिल्म राष्ट्रीय स्तर से प्रसारित की गईं। उन्होंने 10 से भी ज़्यादा फीचर फिल्मों का निर्माण किया जिनमें से कई फिल्में डी डी वन पर भी प्रसारित की गईं थी। अपनी आवाज़ और फिल्म निर्माण के अपने योगदान से सतना का नाम उन्होंने समूचे देश में रोशन किया। तीन दशक से भी ज़्यादा समय उन्होंने लगातार मंच संचालन और फिल्म निर्माण किया है। इसी उपलब्धि के लिए उन्हें सन् 2011 में नॉर्थ इंडियन फिल्म एंड टेलीविजन डेवलेपमेंट सोसाइटी द्वारा उनके फिल्म और मंच जगत में योगदान के लिए सम्मानित किया गया था।



    सतना गौरव अवार्ड उनके मरणोपरांत उनके परिवार को मध्यप्रदेश राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी जी, महापौर आदरणीय योगेश ताम्रकार जी, जिला कलेक्टर श्री अनुराग वर्मा जी, नगर निगम अध्यक्ष श्री राजेश चतुर्वेदी जी, पं. गणेश प्रसाद मिश्र सेवा न्यास अध्यक्ष डॉ. राकेश मिश्रा जी, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री भगवती पांडेय जी, पिछड़ा वर्ग आयोग सदस्य आदरणीय लक्ष्मी यादव जी, पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष गुप्ता जी, नगर निगम कमिशर श्री शेर सिंह मीणा जी, विंध्य चैंबर ऑफ कॉमर्स अध्यक्ष श्री सतीश सुखेजा जी की गरिमामई उपस्थित में प्रदान किया गया।

    फ़ोटो – स्व कुलदीप सक्सेना

    इस मौके पर उनकी धर्मपत्नी श्रीमती सुषमा सक्सेना जी, पुत्र राजदीप सक्सेना एवं सुशांत सक्सेना मंच पर अवार्ड लेने के लिए मौजूद रहे।स्व. श्री कुलदीप सक्सेना को सतना गौरव अवार्ड मिलने पर उनके सभी इष्ट मित्रों एवं प्रशंसकों ने हर्ष व्यक्त किया है।

  • विंध्य गौरव अवार्ड में सम्मानित हुए पत्रकार उमेश कुशवाहा

    सतना – सीमेंट नगरी सतना में रहते हुए पत्रकारिता जगत में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए कई राष्ट्रीय सम्मानों से सम्मानित पत्रकार उमेश कुशवाहा को एक बार फिर मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी मिनी मुंबई के नाम से जाने जाने वाले शहर इंदौर में पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया है ज्ञात हो कि उक्त कार्यक्रम स्नेहा इवेंट्स एंड मैनेजमेंट द्वारा आयोजित विंध्य गौरव अवार्ड सीजन 4 था।

    जिसमें कई राजनीतिक व फिल्मी हस्तियां मौजूद रहीं इस दौरान विविध क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले कई महनीय जनों का सम्मान हुआ। सतना से पहुंचे पत्रकार उमेश कुशवाहा को पत्रकारिकता में विशेष योगदान के लिए सम्मानित किया गया पत्रकार उमेश कुशवाहा को फिल्म ग़दर 2 में अभिनय करने वाले फिल्म अभिनेता अर्जुन द्विवेदी एवं फिल्म अभिनेता कपिल खादीवाला वा गुलाब शुक्ला अभय सीएनजी सीएमडी, वा महाकाल की गुलामी से मेरा काम हो रहा है गीत के गीतकार किशन भगत एवं स्नेहा इवेंट के विष्णु मिश्रा के हाथों सम्मानित किया गया है पत्रकार उमेश मिश्रा के उपलब्धि पर विंध्य क्षेत्र के पत्रकारों ने साहित्यकारों ने समाजसेवियों ने हर्ष व्यक्त किया है वह शुभकामनाएं बधाई दी है।

  • दबदबा था दबदबा है दबदबा बना रहेगा… साले की शादी में पुलिस वाले जीजा ने की धायं धायं फायरिंग

    सतना,मध्यप्रदेश।। मध्य प्रदेश के सतना में साले की शादी में पुलिस वाले जीजा जी ने ऐसा काम कर दिया की सोशल मीडिया में वायरल हो गया। उन्होंने, साले की शादी में ‘विरोधी के कनपटी पे कट्टा तना रहेगा, दबदबा है दबदबा बना रहेगा’ गाने पर हर्ष फायरिंग की। वायरल वीडियो कोटर थाना में पदस्थ कॉन्स्टेबल दिलीप तिवारी का बताया जा रहा है। वह अपने साले की शादी में बंदूक से ताबड़तोड़ फायरिंग करते नजर आ रहे हैं।

    दबदबा था दबदबा है दबदबा बना रहेगा... साले की शादी में पुलिस वाले जीजा ने की धायं धायं, वायरल हुआ वीडियो
    दबदबा था दबदबा है दबदबा बना रहेगा… साले की शादी में पुलिस वाले जीजा ने की धायं धायं – Satnatimes

    दरअसल, मध्यप्रदेश के सतना जिले के कोटर थाने में पदस्थ हेड कॉन्स्टेबल दिलीप तिवारी के साले की शादी 26 नवंबर को थी। बारात सतना के बगहा से रीवा के लिए निकली थी। रीवा में दूल्हे की बारात जब दरवाजे तक पहुंचने वाली थी इसी दौरान पुलिसकर्मी ने अपनी लाइसेंसी राइफल से धायं धायं फायर किए। साले की शादी की खुशी में वह नियम कायदे भी भूल गए। नियमों को ताक में रख एक नाबालिग बच्चों से ही राइफल चलवाते हुए दिखाई दे रहे हैं।

    शादी में जमकर किये धायं धायं

    वायरल वीडियो में साफ दिख रहा कि हेड कांस्टेबल सिर पर साफा, चहरे पर हंसी और हाथ में बंदूक लेकर फिल्मी अंदाज में ‘दबदबा था, दबदबा है, दबदबा बना रहेगा’ गाने पर नाचते नजर आ रहे हैं। साथ ही बारात के बीच-बीच में धाय धाय फायरिंग भी करते नजर आ रहे हैं। बारात में डांस करने के बाद हेड कांस्टेबल ने न सिर्फ शादी के मंडप परिसर में खुद फायरिंग की बल्कि एक नाबालिग बच्चे को बंदूक थमाकर उससे फायरिंग भी करवाई है।

    सोशल मीडिया में वायरल हो रहा वीडियो

    हेड कॉन्स्टेबल बारात में जोश-जोश में यह भूल गए की ये कानून के रक्षक है और साले की शादी में हर्ष हर्ष फायरिंग कर धायं धायं करने लगे। अब यह वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है। वहीं, वीडियो की जानकारी मिलने पर एसपी ने जांच करने की बात कही है।

  • Satna :किराना दुकान में लगी भीषण आग, नुकसान का जायजा लेने पॅहुची टीम को मिला गैस सिलेंडर का जखीरा, टल गया बड़ा हादसा

    सतना,मध्यप्रदेश।।सतना के सिविल लाइन थाना अंतर्गत सोहावल में एक घर में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि किराना दुकान तक फैल गयी। इससे अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने का मुख्य कारण शॉर्टसर्किट बताया जा रहा है। इस घटना में किराना स्टोर का लगभग सारा सामान जलकर राख हो गया है।

    दरअसल मध्यप्रदेश के सतना जिले में उस वक्त अफरा तफरी का माहौल हो गया जब सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत सोहावल उपराहटी गांव में अशोक गुप्ता नामक व्यक्ति के घर मे आग गयीं।आग इतनी भयंकर थी की धीरे धीरे किराना दुकान तक पहुच गयी। जिसके कारण दुकान में रखा सामान पूरी तरह से जलकर खाक हो गया है।सूचना के बाद तीन दमकल की गाड़ियां आग बुझाने में लगी रही तब जाकर आग पर काबू पाया गया है। घटना स्थल पर जांच करने पहुँचे अफसरों को अवैध रूप से भंडारित गैस सिलेंडर का जखीरा भी बरामद हुआ है।

    अंदर का दृश्य देखकर चकित रह गए अधिकारी

    वही सुबह अधिकारियो का दल जब घटना से हुए नुकसान का जायज़ा लेने पहुँचा तो वहाँ का दृश्य देखकर चकित रह गया। अधिकारियो ने अशोक गुप्ता के घर पर अवैध रूप से भंडारित गैस सिलेंडरों का जखीरा बरामद किया है।

    जप्त किये 30 सिलेंडर

    वही घटना स्थल से अधिकारियो को मौके पर 30 गैस सिलेंडर भी मिले है।जिसमे से 9 खाली और 21 भरे पाए गए है।अधिकारियो ने सिलेंडर को जप्त कर पुष्पेंद्र गैस एजेंसी को सुपुर्द किया है।इस कार्यवाही में एस डी एम और जिला आपूर्ति अधिकारी एल आर जांगड़े, एसडीएम सिटी राहुल सिलोडिया ने टीम के साथ पहुंच कर जप्ती की कार्यवाही की।

    टल गया बड़ा हादसा

    आग इतने विकराल रूप में थी कि घर और दुकान दोनों में फैल गयी। दुकान में लगे लोहे के शटर भी लाल हो गए थे। गनीमत यह रही कि दुकान में रखे सिलेंडर में आग नही लगी नही तो बहुत ही भयावह घटना हो सकती थी।

  • अवैध कालोनियों के विरूद्ध चलेगा प्रशासन का डंडा,मंत्री ने समीक्षा बैठक में दिये सख्त निर्देश

    सतना,मध्यप्रदेश।।मध्य प्रदेश के सतना में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ प्रशासन सख्त कार्रवाई करने जा रहा है। नगरीय विकास एवं आवास राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी ने शनिवार को नगर निगम कार्यालय सतना के सभागार में नगर निगम और स्मार्ट सिटी के कार्यों की समीक्षा बैठक की है जिसमे उन्होंने शहर में बने अवैध कालोनियों पर सख्त कार्यवाही करने का निर्णय लिया है।

    दरअसल, नगरीय विकास एवं आवास राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी ने शनिवार को नगर निगम कार्यालय सतना के सभागार में नगर निगम और स्मार्ट सिटी के कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान राज्य मंत्री ने सतना नगर निगम अंतर्गत अब तक वैध की गई कॉलोनियों और नई विकसित अवैध कॉलोनियों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई की जानकारी प्राप्त की है। उन्होंने कहा कि अवैध कॉलोनाइजरों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए और अवैध कॉलोनियों के विकास को रोका जाए।

    दुकानों के सामने डस्टबीन रखने के निर्देश

    राज्य मंत्री ने शहर की सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा डिवाइडरों के आसपास जमा कचड़े को हटवाकर सफाई करवाने के निर्देश दिए है। उन्होंने शहर के सभी दुकानदारों को अपनी दुकानों के सामने पर्याप्त क्षमता के डस्टबिन रखने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि स्वच्छ भारत मिशन 2024-25 में सतना नगर निगम को अग्रणी स्थान पर लाना है। इसके लिए सभी अधिकारी/कर्मचारी एकजुट होकर प्रयास करें।

    व्यंकटेश मन्दिर से हटेगा अतिक्रमण

    अतिक्रमण विभाग की समीक्षा करते हुए राज्य मंत्री ने निर्देश दिए कि बस स्टैंड के आसपास के अतिक्रमण हटाए जाएं। लेकिन अतिक्रमण हटाने से एक दिन पहले माइक से अनाउंसमेंट भी कराया जाए। इसी तरह वेंकटेश मंदिर जाने वाले रास्ते से भी अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। इसी तरह शहर के सार्वजनिक रास्तों से भी अतिक्रमण नियमित रूप से हटाए जाएं।

    बैठक में ये रहे शामिल

    बैठक में महापौर योगेश ताम्रकार, नगर पालिक निगम अध्यक्ष राजेश चतुर्वेदी, डायरेक्टर स्मार्ट सिटी सतना महेन्द्र पाण्डेय, आयुक्त नगर पालिक निगम शेर सिंह मीना, उपायुक्त भूपेन्द्र सिंह परमार, अधीक्षण यंत्री एस.के.सिंह, अरूण तिवारी, कार्यपालन यंत्री आर.पी.सिंह, सिद्धार्थ सिंह, उत्कर्ष प्रताप सिंह, अजय गुप्ता, सहायक यंत्री, हरिमित्र श्रीवास्तव सहायक आयुक्त, मानोज दुबे कार्यपान यंत्री हॉउसिंग बोर्ड, विधिकारी गौरव श्रीवास्तव, दीपक शर्मा सिटी मैनेजर भी उपस्थित रहे।

  • सब इंजियर को नही मिला चेम्बर तो एक पेड़ के नीचे कुर्सी लगाकर बैठ गई कामकाज में,लगाए कई गम्भीर आरोप

    सतना,मध्यप्रदेश।। सतना के कोटर नगर परिषद में महिला सिविल इंजीनियर एक पेड़ के नीचे अपना काम काज करने को मजबूर है। सब इंजियर का आरोप है कि अध्यक्ष और सीएमओ महिला सिविल इंजीनियर को बैठने की जगह तक नहीं दे रहे है। भवन में दो कमरे हैं जिन पर आए दिन अध्यक्ष और सीएमओ ताला लगाकर चले जाते हैं। यही नहीं महिला सिविल इंजीनियर ने कई गंभीर आरोप भी लगाए हैं। जो महिलाओं को लेकर तमाम सरकारी दावों की पोल खोल रहे हैं।

    दरअसल मामला मध्यप्रदेश के सतना जिला अंतर्गत कोटर नगरपरिषद का है। जहा खुली जगह पर एक पेड़ के नीचे बैठी यह महिला कोटर नगर परिषद की सिविल इंजीनियर है।इनका नाम प्रियंवदा सिंह है। प्रियंबदा कुछ महीनो से यहां पदस्थ है।हैरानी की बात तो यह है कि कोटर नगर परिषद में कुर्सी के लिए बवाल मचा हुआ है। भवन में जो भी कमरे हैं। एक पर अध्यक्ष तो एक पर सीएमओ ने अपना चैंबर बना रखा है।बाकी का जो कमरा है उसपर नगर परिषद के अन्य कर्मचारी और स्टोर रूम बनाया गया है।

    एक पेड़ के नीचे कुर्सी लगाकर कर रही काम

    वहीं प्रियंबदा सिंह ने पेड़ के नीचे अपनी टेबल कुर्सी लगाकर काम करने की वजह जो बताई है। वह बेहद शर्मनाक है।उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि बीते कुछ दिनों तक वह अध्यक्ष के चेंबर पर ही बैठकर अपना कामकाज करती थी लेकिन अध्यक्ष राजमणि सिंह पटेल ने उन्हें अपने चैंबर से बाहर निकाल दिया है।परेशान करने के लिए चेंबर में ताला लगा दिया जाता है। परेशान होकर भवन के बाहर ही महिला सिविल इंजीनियर ने अपनी टेबल लगा ली है।और सरकारी कामकाज यही पेड़ के नीचे बैठकर कर रही है।

    नही मिला चेम्बर तो बैठ जाऊंगी सड़क पर

    वही सिविल इंजियर प्रियंबदा सिंह ने कहा की दस माह से यहाँ मैं काम कर रही हु। न तो मेरे पास टेबल है और न ही चेम्बर है। अध्यक्ष और परिषद की मंजूरी से मैं मीटिंग में काम किया करती थी लेकिन एक सप्ताह से हमे वह बन्द मिला। बैठने के लिए कोई व्यवस्था नही है। महिला टॉयलेट नही है। मैं एक सिविल इंजियर हु मुझे एक टॉयलेट बनाने की आजादी नही है। मैं एक गार्डन में बैठी हुई हु मैं अगर कुछ दिनों में चेम्बर नही मिला तो मैं रोड में बैठ जाऊंगी।

    महिला सशक्तिकरण पर उठाये सवाल

    वही महिला सशक्तिकरण भी उन्होंने सवाल खड़े किए है कहा कि छोटी जगहों पर आज भी महिलाओ को कमतर देखा जाता है। उनके लिए अलग से कोई व्यवस्था नही होती है। आज भी दोयम दर्ज का व्यवहार होता है।चाहे वो ऑफिस हो घर हो या पॉलिटिकल फील्ड हो।

    वही राजमणि सिंह पटेल ने कहा कि शासन से भवन बनाने के लिए मांग की गई है। लेकिन भवन अभी मिला नही है।इसी में हमारा कार्यालय लग रहा है।जिस प्रकार से व्यवस्था है उस प्रकार से हम व्यवस्था कर रहे है।समस्या तो हमारे हिसाब से कोई नही है।व्यक्तिगत किसी को हो तो उसका क्या कर सकते है।कुर्सी वो खुद उठाकर ले गयी और पेड़ के नीचे अपने स्वैच्छा से बैठ गयी है।

    नगर परिषद कोटर की प्रभारी सीएमओ पूजा द्विवेदी ने   जानकारी देते हुए बताया ये मामला हमारे सज्ञान में आया है।इसमे सब इंजियर का आपसी मतवेद हुआ है ऑफिस में मैंने समझा दिया है।

  • Satna News :डॉ रिषभ ने प्राप्त की पीडियाट्रिक सर्जरी में एमसीएच की डिग्री,राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने दीक्षांत समारोह में प्रदान की डिग्री

    सतना,मध्यप्रदेश।। जिले के ख्याति प्राप्त डॉक्टर बीएल पटेल के बेटे डॉ रिषभ पटेल ने पीडियाट्रिक सर्जरी में एमसीएच (मास्टर ऑफ सुपर स्पेशलटी) की डिग्री प्राप्त कर ली। विगत दिनों डॉ राम मनोहर लोहिया मेडिकल कॉलेज दिल्ली में आयोजित दीक्षांत समारोह के दौरान राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने उन्हें डिग्री प्रदान की। यह सतना जिले के लिए गौरव की बात है। पीडियाट्रिक सर्जरी में बेहद गिने चुने नाम होंगे।

    जिसमें से एक नया नाम सतना निवासी डॉ रिषभ पटेल का जुड़ गया है। वर्तमान समय में डॉ रिषभ पटेल डॉ राम मनोहर लोहिया मेडिकल कॉलेज में सर्जन कंसल्टेंट के तौर पर सेवाएं दे रहे हैं। उनकी सफलता पर पूरा परिवार गौरवान्वित है। डॉ रिषभ की सफलता पर पिता डॉ बीएल पटेल, डॉ एनके नेमा, वरिष्ठ पत्रकार अवधेश शुक्ला सहित सभी शुभचिंतकों ने शुभकामनाएं दी हैं।

  • तोता की गर्दन से निकला 20 ग्राम का ट्यूमर, दो घंटे चला ऑपरेशन,ऐसे बचाई डॉक्टरों ने बेटू की जान

    सतना,मध्यप्रदेश।।जिला पॉलीक्लीनिक में पहली बार मिट्टू के ट्यूमर का सफल ऑपरेशन किया गया है। ऑपरेशन दो घंटे तक चला, पिछले कुछ माह से मिट्टू ने बोलना बंद कर दिया था, गर्दन में ट्यूमर बनने लगा जो धीरे-धीरे एक बड़ा आकार ले लिया और उसने कुछ दिनों से खाना पीना छोड़ दिया था। बताया गया कि चन्द्रभान विश्वकर्मा मुख्त्यारगंज निवासी एक तोते को पाले हुए थे, पालक ने मिठू के दर्द को देखते हुए विटनरी चिकित्सकों से सम्पर्क किया जिसके बाद डाक्टरों ने सर्जरी कर ट्यूमर को निकाल दिया है।

    20 साल का है तोता

    बताया गया कि पशु पालन विभाग के जिला पॉलीक्लीनिक प्रभारी डा. बृहस्पति भारती ने तोते के गर्दन में बन रहे ट्यूमर को देखते हुए ऑपरेशन करने की सलाह दी। रविवार को तोते का ऑपरेशन किया गया, दो घंटे चले इस ऑपरेशन में लगभग 20 ग्राम का ट्यूमर निकाला गया है। तोते का वजन 98 ग्राम का था, तोता पालक ने बताया कि पिछले 20 साल से वो इसको पाले हुए हैं, जिसे प्रेम से बेटू नाम से पुकारते हैं।

    रीवा जांच के लिए भेजा गया ट्यूमर

    डा. बृहस्पति भारती ने बताया कि तोते की गर्दन से निकाले गए ट्यूमर को रीवा विटनरी कॉलेज में आगे जांच के लिए भेजा जाएगा। जांच में यह पता किया जाएगा कि यह ट्यूमर नार्मल गठान थी या फिर कैंसर। उल्लेखनीय है कि सतना जिला पॉलीक्लीनिक में जिले के अलावा दूसरे जिलों से भी लोग अपने पशु- पक्षियों को इलाज के लिए लाते हैं।

    ऑपरेशन में ये रहे शामिल

    मिट्टू के ऑपरेशन में जिला पॉलीक्लीनिक प्रभारी डा. बृहस्पति भारती के अलावा डा. बालेन्द्र सिंह एवं सहयोगी स्टाफ आशुतोष एवं विश्राम शामिल रहे। बताया गया कि 4 से 5 दिन तक दवाईयां दी जाएंगी। जिला पॉलीक्लीनिक में चूहे, बिल्ली, कुत्ते, गाय, भैंस आदि पशु-पक्षियों की सर्जरी की जाती है।

  • Satna News :पार्षदों के अचानक लापता और भाजपा में शामिल होने पर भड़की कांग्रेस, लगाए कई आरोप

    सतना,मध्यप्रदेश।।सतना में राजनैतिक पारा इन दिनों काफी हाई चल रहा है, नगर निगम स्पीकर के अविश्वास प्रस्ताव को लेकर हुआ बवाल अब व्यापक रूप ले चुका है. पार्षदों के अचानक गायब हो जाने और उनके भाजपा में शामिल होने के बाद से भाजपा के ऊपर भड़की कांग्रेस पार्टी ने पार्टी ने भारतीय जनता पार्टी के ऊपर तरह-तरह के आरोप लगाए हैं.


    दरअसल बुधवार को कांग्रेस पार्टी की दो पार्षद अचानक गायब हो गई थी और आज गुरुवार को गायब हुईं दोनों महिला पार्षदों ने भोपाल में भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली.जिसको लेकर कांग्रेस ने सतना में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की।

    भाजपा ने पार्षदों का किया है अपहरण

    दोनों महिला पार्षदों के भाजपा में शामिल होने के बाद सतना विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा ने प्रेस कांफ्रेंस करते हुए कहा भाजपा ने कांग्रेसी पार्षदों का अपहरण किया है, उन्हें डरा कर -प्रलोभन देकर ले जाया गया है. साथ ही उन्होंने सवाल भी उठाया की यदि उन्हें सदस्यता दिलानी ही थी तो महिला पार्षदों को भोपाल क्यों ले जाया गया? मिस्ड कॉल पर सदस्य बना रही भाजपा क्या उनसे सतना में ही उनके घर पर मिस्ड कॉल नहीं करवा सकती थी? यह लोकतंत्र के दमन और बदहाली से परेशान शहर की जनता की आवाज को दबाने की साजिश का हिस्सा है. विधायक जी ने यह भी कहा भाजपाई भयभीत है क्योंकि उन्हें पता है कि फ्लोर टेस्ट में उनकी हार सुनिश्चित है, इसलिए ऐसे हथकंडे अपना रही है.

    कांग्रेसी ही नही बल्कि भाजपाई पार्षद भी असंतुष्ट

    रावेंद्र सिंह मिथिलेश ने कहा की संख्या बल कम भले नजर आता हो लेकिन जब फ्लोर टेस्ट होगा तो जीत कांग्रेस की ही होगी क्योंकि सिर्फ कांग्रेसी ही नहीं भाजपाई पार्षद भी असंतुष्ट हैं.आवेश राजनीतिक महासंग्राम का परिणाम क्या होने वाला है यह बताना तो मुश्किल है परंतु यह प्रक्रिया काफी दिलचस्प नजर आ रही है दोनों पार्टियों के द्वारा एक के बाद एक दाव पेंच खेले जा रहे हैं. अंत में देखना यह होगा कि किसके हाथों लगती विजय और किसके हाथों निराशा?

  • डॉक्टर ने लिखा ऐसा पर्चा की देखने वाला हर कोई हैरान, पर्चा हो रहा सोशल मीडिया में जमकर वायरल

    सतना,मध्यप्रदेश।।मध्य प्रदेश के सतना जिले के एक डॉक्टर का पर्चा सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सरकारी अस्पताल में मरीज का इलाज करने के बाद डॉक्टर ने पर्चे पर ऐसी दवा लिखी कि उसे पढ़कर मरीज और मेडिकल स्टोर संचालक दोनों हैरान रह गए।

    नागौद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे एक मरीज को निजी क्लीनिक में इलाज देने से मना कर दिया गया। सरकारी डॉक्टर इतना नाराज हुआ कि उसने पर्चे पर ऐसी बात लिख दी जिसे कोई भी मेडिकल स्टोर का फार्मासिस्ट समझ नहीं पाया। न ही कोई दूसरा डॉक्टर। बेतुके आंकड़ों से भरा यह पर्चा वायरल हो रहा है।



    जानकारी के अनुसार, रहिकवारा निवासी अरविंद कुमार सेन अपने परिवार के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नागौद पहुंचे थे। यहां उनकी मुलाकात डॉ. अमित सोनी से हुई। उन्होंने बताया कि उन्हें घबराहट हो रही है और दिल के पास दर्द हो रहा है।

    लिख दिए बेतुके आंकड़े

    डॉक्टर ने मरीज की जांच करने के बाद उसे अपने निजी क्लीनिक में जाने को कहा। लेकिन मरीज के साथ आए परिजनों ने अपनी आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए यहीं जांच कर पर्चा लिखने का अनुरोध किया। लेकिन यह बात डॉ. सोनी को रास नहीं आई। उन्होंने जल्दबाजी में सरकारी पर्चा पर ही कुछ बेतुके आंकड़े लिख दिए।

    मेडिकल स्टोर संचालक ने कर दिया पर्चा वायरल

    पर्चा देते समय वह मरीज को मेडिकल स्टोर से दवा लाने की बात कहकर चला गया। इसके बाद जब मरीज दवा लेने के लिए बाहर गया तो कोई भी मेडिकल स्टोर संचालक इस पर्चे को पढ़ नहीं पाया। क्योंकि पर्चे में दवाएं लिखी ही नहीं थीं। लेकिन एक मेडिकल स्टोर संचालक ने इस पर्चे को देखकर वायरल कर दिया है।

Back to top button