जल संसाधन की तीन परियोजना के कार्य प्रगति पर,50 लाख से अधिक के निर्माण कार्यां की समीक्षा

सतना ।।जल संसाधन सतना के अंतर्गत 50 लाख रुपए से अधिक लागत की तीन सिंचाई परियोजना का कार्य प्रगति पर है। जिन्हें इस वर्ष अंत तक पूर्ण कर लिया जाएगा। इस आशय की जानकारी गुरुवार को सीईओ जिला पंचायत डॉ परीक्षित राव की अध्यक्षता में संपन्न बैठक में दी गई। बैठक में लोक निर्माण, पीआईयू, जल संसाधन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, आरईएस तथा प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के कार्या की समीक्षा की गई।

सीईओ जिला पंचायत ने निर्माण कार्यों को उनकी निर्धारित समय-सीमा मे गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए है। जल संसाधन के कार्यपालन यंत्री आर.एस नट ने बताया कि जिले में 387 करोड़ लागत की रामनगर माइक्रो सिंचाई परियोजना का कार्य में शीर्ष 30 प्रतिशत और नहरों का कार्य 46 प्रतिशत पूर्ण कर लिया गया है। योजना 31 दिसंबर 2022 तक पूर्ण कर ली जाएगी। इसी प्रकार 43 करोड़ 65 लाख रुपए से अधियारी सागर की नहरों का शेष कार्य किया जा रहा है। जिसमें शीर्ष कार्य शत-प्रतिशत और नहरों का कार्य 90 प्रतिशत हो चुका है। परियोजना 30 जून 2022 तक पूर्ण हो जाएगी। कुरी बांध की नहरों का शेष कार्य 29 करोड़ 13 लाख रुपए से स्वीकृत है। जिसमें बांध का कार्य पूर्ण कर नहरों की लाइनिंग का कार्य चल रहा है। यह योजना भी 30 जून तक पूर्ण होगी। मध्यप्रदेश गृह निर्माण मंडल ने बताया कि जिले में 3 करोड़ 5 लाख की लागत से शासकीय महाविद्यालय अमरपाटन में नवीन एवं रिनोवेशन कार्य, 4 करोड़ 80 लाख रुपये से विवेकानंद महाविद्यालय, मैहर में नवीन एवं रिनोवेशन कार्य विश्व बैंक परियोजना से किए जा रहे हैं। इसी प्रकार शासकीय महाविद्यालय अमदरा, उचेहरा, बदेरा के निर्माण कार्य 18 करोड़ 53 लाख रुपए से किए जा रहे हैं। यह कार्य प्रारंभिक स्तर पर हैं और अगस्त 2023 में पूर्ण होंगे। इस मौके पर कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण मनोज द्विवेदी, आरईएस अश्वनी जायसवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।