भोपाल।। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि ग्राम पंचायत सचिव, ग्राम पंचायत और सरकार के बीच सेतु की तरह कार्य करते हैं। वे सरकार को गाँव की सरकार से जोड़ते हैं। उनके कार्य में निरंतरता होती है। ग्राम पंचायत सचिव ही अनेक महत्वपूर्ण जन-कल्याणकारी योजनाओं को क्रियान्वित करते हैं। आज मध्य प्रदेश आवास योजना, नल-जल योजना और अन्य योजनाओं में अग्रणी है। कोविड काल में भी ग्राम पंचायत सचिवों ने लगातार कार्य किया। हाल ही में प्रारंभ की गई मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना को बहुत कम समय में धरातल पर उतारने में ग्राम पंचायत सचिवों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उनकी मेहनत और ईमानदारी सराहनीय है।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि गाँव को विकसित, सुविधा संपन्न और आत्म-निर्भर बनाने में ग्राम पंचायत सचिव महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह विकसित भारत के लिए भी आवश्यक है।मुख्यमंत्री श्री चौहान ने आज भोपाल के लाल परेड मैदान में पंचायत सचिव सम्मेलन में पंचायत सचिवों के हित में महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि ग्राम पंचायत सचिवों को नियमित कर्मचारियों की तरह विभिन्न सुविधाएँ दी जाएगी।
इसे भी पढे – Satna :कलेक्टर ने की खनिज विभाग की समीक्षा, कहा – अवैध उत्खनन, परिवहन पर रखे सख्त निगरानी, प्रकरण भी बनायें
ग्राम पंचायत सचिव सम्मेलन में की गई घोषणाएँ
-
ग्राम सचिवों को 1 तारीख को ही वेतन मिलना सुनिश्चित किया जाएगा।
-
पंचायत सचिवों को सातवें वेतनमान का लाभ तत्काल प्रभाव से मिलेगा।
-
पंचायत सचिवों को समयमान वेतनमान भी दिया जाएगा।
-
पंचायत सचिव की असामयिक मृत्यु पर आश्रित को अनुकंपा नियुक्ति मिलेगी, इसके लिए नियम सरल बनाए जाएंगे।
-
ग्राम पंचायत सचिवों को पीसीओ (पंचायत समन्वयक अधिकारी) के पदों पर नियुक्ति में 50 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा।
-
ग्राम पंचायत सचिवों को 5 लाख का दुर्घटना बीमा दिया जाएगा।
-
ग्राम पंचायत सचिवों को शासकीय सेवकों की तरह अवकाश एवं अन्य सुविधाएँ मिलेगी।
-
ग्राम पंचायत सचिवों को नियमित कर्मचारियों की तरह सुविधा देने के लिए आवश्यक प्रक्रिया प्रारंभ कर पूर्ण की जाएगी। न्यू पेंशन का लाभ भी नियमित कर्मचारियों की तरह दिया जाएगा।
-
पंचायत सचिवों को सेवानिवृत्ति पर एकमुश्त तीन लाख रुपए की राशि दी जाएगी।
पंचायत सचिवों के हित में हमने महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं…
हम ये सुनिश्चित करेंगे कि 1 तारीख को आपका वेतन आपको मिल जाए।
पंचायत सचिवों को 7वें वेतनमान का लाभ तत्काल प्रभाव से दिया जाएगा।
पंचायत सचिव की असमय मृत्यु पर आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति दी जाएगी।
पंचायत सचिवों को… pic.twitter.com/W8Mhr9rhvk
— Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) August 3, 2023
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि ग्राम पंचायत सचिव, हितग्राहियों को पेंशन दिलवाने और अन्य योजनाओं का लाभ दिलवाने के लिए सजग रहते हैं। उन्होंने आशा की कि पंचायत सचिव निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, स्वच्छ भारत मिशन और रोजगार गारंटी योजना सहित सभी योजनाओं के क्रियान्वयन में कुशलता के साथ कार्य करते हुए अच्छे परिणाम लाएंगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि आज समरसता के वातावरण के साथ विकास आवश्यक है और ग्राम पंचायत सचिव इसमें महत्वपूर्ण भूमिका अदा करते हैं।
मैं आज ये फैसला कर रहा हूँ कि नियमित कर्मचारियों के समान पंचायत सचिवों को भी सारी सुविधाएं दी जाएंगी… pic.twitter.com/VianVudbW1
— Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) August 3, 2023
प्रारंभ में भारतीय मजदूर संघ के पदाधिकारी श्री मधुकर सांवले ने कहा कि उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन में मुख्यमंत्री श्री चौहान जैसा जननायक नहीं देखा। हाल ही में उन्होंने रोजगार सहायकों का वेतन 9 हजार से बढ़ाकर 18 हजार मासिक किया है। किसी वर्ग या श्रेणी का वेतन दोगुना करने का यह अनूठा उदाहरण है, जिसकी कल्पना भी किसी ने नहीं की होगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान के नेतृत्व में मध्य प्रदेश प्रगति कर रहा है। कर्मचारी हित के उनके निर्णय अभिनंदनीय हैं।
पंचायत सचिव, सरकार और ग्राम पंचायत के बीच सेतु का काम करते हैं। आपके भरोसे ही हमने केंद्र तथा राज्य सरकार की अनेक योजनाओं को आदर्श रूप में क्रियान्वित किया है। pic.twitter.com/qhZAfhU9xd
— Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) August 3, 2023
पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री श्री राम खेलावन पटेल ने कहा कि ग्राम पंचायत सचिवों के सुझावों पर मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सकारात्मक निर्णय लिए हैं। उनके शब्दकोश में असंभव शब्द नहीं है। सम्मेलन में मुख्यमंत्री श्री चौहान का विशाल पुष्प-हार पहना और गदा भेंट कर सम्मान किया गया। उन्हें साफा भी बांधा गया।
पंचायत सचिवों ने हितग्राहीमूलक योजनाओं को जनता तक पहुँचाने के लिए अद्भुत काम किया है। pic.twitter.com/AMVW3VNcaK
— Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) August 3, 2023
दिवंगत पंचायत कर्मचारी को श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने पंचायत सचिव सम्मेलन में उन दो पंचायत सचिवों को भी श्रद्धांजलि दी जिनका असामयिक निधन हो गया है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि असमय दिवंगत कर्मचारी के परिवारों को 10-10 लाख रुपए की सहायता राशि दी जाएगी।
MP में सबसे तेज और भरोसेमंद खबरों के लिए सतना टाइम्स ऐप को डाऊनलोड करें, इस लिंक पर करें क्लिक
राज्य कर्मचारी कल्याण समिति के अध्यक्ष श्री रमेश चंद्र शर्मा, निर्धन वर्ग कल्याण आयोग के अध्यक्ष श्री शिव चौबे, श्री बाल मुकुंद पाटीदार, श्री विनोद शर्मा श्री निरंजन जी के अलावा अपर मुख्य सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास श्री मलय श्रीवास्तव और पूरे प्रदेश से आए ग्राम पंचायत सचिव बड़ी संख्या में उपस्थित थे।